अशोक यादव को मिली अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के प्रदेशअध्यक्ष की जिम्मेदारी
News85WebMay 25, 2021
लखनऊ, यादव समाज के सबसे बड़े सामाजिक संगठन अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा ने उत्तर प्रदेश मे रिक्त चल रहे प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी अशोक यादव को सौंप दी है। अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा0 उदय प्रताप सिंह यादव के निर्देश पर यादव महासभा द्वारा पत्र जारी कर सूचित किया गया है।
दिनांक 26 अप्रैल 2021 को प्रदेश अध्यक्ष जगदेव सिंह यादव के आकस्मिक निधन के बाद से ये पद रिक्त चल रहा था। लगभग एक माह बाद राष्ट्रीय नेतृत्व ने पूर्ण नियुक्ति न करते हुये अंतरिम कार्यवाहक अध्यक्ष के रूप मे अशोक यादव को प्रदेश की जिम्मेदारी सौंप दी है। अशोक यादव मूलरूप से गाजियाबाद के निवासी हैं, और वर्तमान मे सुप्रीम कोर्ट मे वरिष्ठ अधिवक्ता हैं। साथ ही आप अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के राष्ट्रीय सचिव भी हैं।
दिसंबर 2018 मे यादव महासभा द्वारा जगदेव सिंह यादव, पूर्व मंत्री, उ0प्र0 सरकार को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। अपने ढाई वर्ष के अल्प कार्यकाल मे आपने यादव समाज के हित में कई उल्लेखनीय कार्य किये। स्व0 जगदेव सिंह यादव महासभा के पहले ऐसे प्रदेश अध्यक्ष रहे जिन्होने यादव महासभा को स्थायित्व प्रदान करने के लिये पहली बार प्रदेश कार्यालय की लखनऊ में शुरूआत कराई। इससे पहले, 22 वर्षों तक, जयप्रकाश यादव, अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष रहे।
वर्तमान दौर मे यादव समाज की सामाजिक और राजनैतिक स्थिति को देखते हुये तथा अगले वर्ष यूपी में होने वाले विधान सभा चुनावों को लेकर यह नियुक्ति महत्वपूर्ण समझी जा रही है।