Breaking News

समाजवादी पार्टी को बड़ा झटका, वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री का निधन

लखनऊ,  समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और अखिलेश यादव सरकार में मंत्री रहे राजा राजीव कुमार सिंह का  लखनऊ में निधन हो गया।  65 वर्षीय राजीव कुमार सिंह बाराबंकी के दरियाबाद से छह बार विधायक रहे हैं।

पूर्व विधायक राजा राजीव कुमार सिंह मधुमेह व ह्रदय रोग से पीड़ित थे। राजीव सिंह को तबीयत बिगड़ने पर 29 जनवरी को लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रात को स्वास्थ्य में कुछ सुधार होने पर आवास पर ले आया गया था। सोमवार सुबह करीब दस बजे उनकी तबियत फिर बिगड़ने लगी। इस पर परिवारजन उन्हें अस्पताल ले जाने के लिए निकले ही थे कि उन्होंने दम तोड़ दिया। लखनऊ में राजीव कुमार सिंह ने नरही स्थित आवास पर सोमवार सुबह 10:30 बजे अंतिम सांस ली।

बाराबंकी की बड़ी राजनीतिक हस्ती राजा राजीव कुमार सिंह हड़हा राजघराने से थे। राजीव कुमार सिंह अखिलेश यादव सरकार तथा मुलायम सिंह सरकार में मंत्री रहे थे। वह बाराबंकी के दरियाबाद से छह बार विधायक रहे। इस बार भी चुनाव लडऩे की तैयारी में लगे थे।राजीव कुमार सिंह को इस बार समाजवादी पार्टी ने टिकट नहीं दिया । वह अपने बेटे रितेश सिंह उर्फ रिंकू सिंह के लिए टिकट मांग रहे थे। समाजवादी पार्टी ने इस बार दरियाबाद से पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप को प्रत्याशी बनाया है। उन्होंने टिकट ना मिलने पर नेतृत्व से नाराजगी जताई थी।  राजीव कुमार सिंह ने बेटे को टिकट ना मिलने पर नेतृत्व को पुनर्विचार करने के लिए दो दिन का अल्टीमेटम भी दिया था।