Breaking News

यूपी में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर, बीजेपी ने की बड़ी घोषणा ?

लखनऊ, यूपी में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर, भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी घोषणा की है।

भारतीय जनता पार्टी  की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में उनकी पार्टी सिम्बल पर प्रत्याशी उतारेगी।
स्वतंत्र देव सिंह आज फर्रूखाबाद में पार्टी कार्यालय पर पंचायत चुनाव एवं सम्वयक समिति की बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव भाजपा के लिये अति महत्वपूर्ण हैं। ऐसे में पार्टी नेतृत्व ने तय किया है कि इस बार भाजपा जिला पंचायत के होने वाले चुनाव में प्रत्याशियों को सिम्बल देकर लड़ाएगी। पिछले कई वर्षों से सपा और बसपा के शासनकाल में पंचायत में चुनाव में धनबल, बहुबल का दुरूयोग करके चुनाव जीत में हासिल करने का काम करते है, लेकिन इस बार भाजपा का मजबूत संगठनात्मक ढांचा, केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियां व बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की दमदारी से चुनाव लड़ें जायेंगे और बड़ी जीत दर्ज होगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा के पास नीति और नेतृत्व दोनों हैं जो अन्य दलों के पास नहीं है। भाजपा के कार्यकर्ता देश सेवा के लिये समर्पित हैं। भाजपा संगठन राष्ट्रवाद की विचार धारा पर आधारित है। उन्होंने कहा कि संगठन के एक कार्यकर्ता नरेन्द्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बने। ऐसा केवल भाजपा में ही सम्भव है। अन्य दलों ने सनातन संस्कृति को ध्वस्त करने का कार्य किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस-सपा-बसपा के नेतृत्व पर तुष्टिकरण की नीति को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि इनके के कारण देश में भ्रष्टाचार और आतंकवाद चरम सीमा पर पहुंचा था। पिछली सरकार के नेताओं पर भ्रष्टाचार के गभ्मीर आरोप लगे। दो संसदों वाली पार्टी भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार का बुल्डोजर माफिया और गुण्डो की छाती पर चल रहा है । ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को गांव-गांव पहुंचकर डोर-टू-डोर सरकार की उपलब्धियों से आम जनता को अवगत कराने का आवाह्न किया।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह, क्षेत्रीय महामंत्री रामकिशोर साहू, प्रदेश मंत्री प्रांशु दत्त द्विवेदी, महिला आयोग सदस्य मिथलेश अग्रवाल, जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता, दुग्ध संघ अध्यक्ष सत्यपाल सिंह आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।