छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर शिवराज समेत भाजपा नेताओं ने किया नमन

भोपाल, भारतीय जनता पार्टी के उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर आज उनका स्मरण करते हुए उनके प्रति श्रद्धासुमन अर्पित किए।

शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट के जरिए लिखा है शिवाजी महाराज ने कहा था ‘सर्वप्रथम राष्ट्र, फिर गुरु, फिर माता-पिता, फिर परमेश्वर। अतः पहले खुद को नहीं, राष्ट्र को देखना चाहिए।’ शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मुगलों की विशाल सेना को धूल चटा देने वाले, साहस व पराक्रम के धनी, छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर नमन। वीरता, दयालुता के लिए आपको युगों-युगों तक याद किया जायेगा।

भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत और विधानसभा में विपक्ष के नेता गोपाल भार्गव ने भी छत्रपति शिवाजी महाराज को उनकी जयंती पर श्रद्धासुमन अर्पित किए और कहा कि उनके लिए राष्ट्र ही सर्वोपरि था। सभी नेताओं ने शिवाजी महाराज के चरणों में नमन करते हुए उनके प्रति श्रद्धांजलि भी अर्पित की है।पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने भी शिवाजी महाराज के योगदान का जिक्र करते हुए उनके प्रति श्रद्धासुमन अर्पित किए हैं।

Related Articles

Back to top button