Breaking News

चिराग पासवान ने आज किया ये बड़ा दावा

पटना, लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने आज दावा किया कि बिहार में इस बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और लोजपा की सरकार बनेगी तथा सात निश्चय योजना में हुए भ्रष्टाचार की जांच करवा कर दोषियों को सजा दी जाएगी चाहे वह मुख्यमंत्री ही क्यों न हों।

लोजपा अध्यक्ष एवं बिहार के जमुई से सांसद श्री पासवान ने मंगलवार को पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार के लिए रवाना होने से पूर्व यहां लोजपा कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना सात निश्चय के तहत पक्की गली-नाली और हर घर नल का जल योजना में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है। जब इस योजना में हुए भ्रष्टाचार और घोटाले की जांच कराने की वह मांग कर रहे हैं तो कुछ लोगों को इससे घबराहट हो रही है।

श्री पासवान ने सवालिया लहजे में कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार की नाक के नीचे इस योजना में भ्रष्टाचार किया जा रहा है और वह मौन साधे हुए हैं। इस योजना में हो रहे भ्रष्टाचार की जानकारी बिहार के 12 करोड़ों लोगों को तो है लेकिन मुख्यमंत्री श्री कुमार नादान बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि बिहार का शायद ही कोई ऐसा व्यक्ति होगा, जो कहेगा कि इस योजना में भ्रष्टाचार नहीं हुआ है।

लोजपा अध्यक्ष ने कहा कि सात निश्चय योजना में किया गया भ्रष्टाचार बिहार के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा घोटाला है। इस योजना में साढ़े चार प्रतिशत कमीशन बनता है। उन्होंने कहा कि यह योजना अभी तक पूरी नहीं हो सकी है और अधर में लटकी हुई है। गुणवत्तापूर्ण कार्य किसी भी जिले में नहीं किए गए हैं। चुनाव प्रचार के दौरान इस योजना की सच्चाई का इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि सभी विधानसभा क्षेत्र में न तो जल है और न ही नल। उन्होंने कहा कि भाजपा-लोजपा की बनने वाली सरकार में इसकी जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी होंगे उन्हें जेल जाना होगा चाहे वह मुख्यमंत्री ही क्यों न हों।