त्योहारी मौसम को देखते हुए सीएम योगी ने दिए ये निर्दे

त्योहारी मौसम में कोरोना और सुरक्षा अहम चुनौती : योगी

लखनऊ, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अगले महीने से शुरू होने वाले त्योहारी मौसम के दौरान सुरक्षा और काेरोना पुलिस बल के लिये अहम चुनौती साबित होंगे जिससे बचाव के पुख्ता इंतजाम किये जाने चाहिये।

श्री योगी ने रविवार शाम कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुये कहा कि 17 अक्टूबर से नवरात्र के साथ ही पर्व और त्योहारों की श्रृंखला प्रारम्भ हो जाएगी। इस दौरान सुरक्षा और कोविड-19 के संक्रमण से बचाव के सम्बन्ध में पूरी सावधानी बरती जाए। इस सम्बन्ध में अभी से पूरी तैयारी कर ली जाए। थाने स्तर से लेकर बीट स्तर तक अच्छे अधिकारियों को जिम्मेदारी दी जाए और जवाबदेही भी सुनिश्चित की जाए।

उन्होने कहा कि पर्व और त्योहारों के दृष्टिगत प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए। माहौल को खराब करने वाले तत्वों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध पहले से ही कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अपराधियों के लिए शरणस्थली नहीं हो सकती। इसके मद्देनजर अपराधियों के विरुद्ध कार्यवाही में कोई रियायत न बरती जाए और हर मामले में प्रभावी कार्यवाही की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जोन स्तर से लेकर थाने स्तर तक के पुलिस अधिकारियों द्वारा अलग-अलग क्षेत्रों में फुट पेट्रोलिंग की जाए। पीआरवी 112 की पेट्रोलिंग भी निरन्तर और प्रभावी होनी चाहिए। सरकार की अपराध एवं भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टाॅलरेन्स की नीति है। भ्रष्टाचार, अराजकता और अव्यवस्था के मामलों में कोई भी रियायत नहीं दी जा सकती।

महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों को नियंत्रित करने के लिए संचालित आपरेशन शक्ति तथा माफिया तत्वों के विरुद्ध संचालित आपरेशन माफिया की प्रशंसा करते हुए कहा कि इन गतिविधियों को पूरे प्रदेश में निरन्तर और प्रभावी ढंग से संचालित रखा जाए। बहन-बेटियों की सुरक्षा के प्रति खतरा बने लोगों के प्रति कार्यवाही में पूरी तत्परता बरती जानी चाहिए। इस सम्बन्ध में हर स्तर के अधिकारी को संवेदनशीलता रहें। एण्टी रोमियो स्क्वाॅयड को निरन्तर व प्रभावी ढंग से क्रियाशील रखा जाए।

उन्होने कहा कि आपरेशन माफिया की कार्यवाही पूरे प्रदेश में एक-एक माफिया को लक्ष्य करके प्रभावी ढंग संचालित की जाए। दबंगई से सम्पत्तियों पर कब्जा करने वाले माफियाओं के विरुद्ध कार्ययोजना बनाकर कार्यवाही की जानी चाहिए। माफियाओं की अवैध सम्पत्ति की जब्ती की कार्यवाही भी की जाए। माफिया तत्वों के विरुद्ध प्रत्येक जोन, रेंज व जनपद में कार्यवाही की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया पर पूरी निगाह रखी जाए। पुलिस अधिकारियों द्वारा संक्षेप में सही तथ्य मीडिया के सामने रखे जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस के अच्छे कार्यों को भी प्रस्तुत किया जाना चाहिए।