Congress: सत्येन्द्र यादव को छह वर्ष के लिए निष्कासित

भोपाल, मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश कांग्रेस सेवादल के पूर्व मुख्य संगठक सत्येन्द्र यादव को पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते आज पार्टी से छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया।
प्रदेश कांग्रेस की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार प्रदेश कांग्रेस के संगठन प्रभारी उपाध्यक्ष चंद्रप्रभाष शेखर ने श्री यादव को तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया। उनके खिलाफ लगातार पार्टी विरोधी गतिविधियों की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं।

4 दिन पूर्व ही 31 दिसम्बर को सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालजी देसाई ने सत्येंद्र यादव को अभा स्तर पर सेवादल में संगठन संरचना और समीक्षा विभाग का राष्ट्रीय प्रभारी बनाकर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी थी। मार्च 2020 में ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा कांग्रेस पार्टी छोड़ने पर सत्येंद्र यादव ने भी सेवादल के प्रदेश प्रमुख से स्तीफा दे दिया था। जिसे बाद में स्वीकार करने के बाद पूर्व विधायक ठाकुर रजनीश हरवंश सिंह को यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इस दौरान से अभी तक सत्येंद्र यादव कांग्रेस पार्टी में ही बने रहे तथा हाल ही में उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सेवादल की उक्त बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी।