Breaking News

यूपी में दूसरे दिन भी लगातार बारिश, 30 की मौत, मुख्यमंत्री ने दिये खास निर्देश

लखनऊ,  उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत राज्य के अधिकांश जिलों में आज दूसरे दिन भी लगातार बारिश का

सिलसिला जारी रहा और वर्षा जनित हादसों में पिछले 24 घंटे के दौरान 30 से अधिक लोगों की मृत्यु हो गई।

सरकारी प्रवक्ता के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाढ़ और अतिवृष्टि के दृष्टिगत सभी मंडलायुक्तों एवं

जिलाधिकारियों को पूरी तत्परता से समस्त राहत कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि अधिकारी क्षेत्र का भ्रमण कर राहत कार्य पर नजर रखें।

उन्होंने यह निर्देश भी दिए कि दैवीय आपदा से मृत्यु होने की स्थिति में मृतक के आश्रितों को 24 घंटे के अंदर चार लाख

रुपये की आर्थिक मदद दी जाय।

मुख्यमंत्री ने घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।

उन्होंने कहा कि जल जमाव की स्थिति में प्राथमिकता पर जल निकासी की व्यवस्था कराई जाए।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि लखनऊ और आसपास के इलाकों में कल सुबह से लगातार बारिश हुई।

लेकिन आज शाम बारिश थम गयी जिससे लोगों ने राहत महसूस की।

लखनऊ में दो दिन में 85 मिली से अधिक बारिश दर्ज की गई।

बारिश के चलते जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा के आदेश पर लखनऊ में कक्षा 12 तक के सभी स्कूल आज बंद रहे।

बारिश के चलते अनेक स्थानों पर पानी जमा होने से लोगों को खासी परेशानी उठानी पड़ी।

बारिश के कारण अलीगंज इलाके में एक स्थान पर सड़क के बीच करीब 25 फुट गहरा गड्ढा हो गया,

जिससे सड़क पर आवागमन बाधित रहा। गनीमत रहीं कि कोई जनहानि नहीं हुई।

जौनपुर से मिली रिपोर्ट के अनुसार महराजगंज क्षेत्र के बरहूपुर गांव में शुक्रवार सुबह से लगातार हो रही बारिश के कारण

राजेश गौतम का कच्चा मकान ढह गया।

आसपास के लोगों ने मलबे में दबे परिवार के छह सदस्यों को बाहर निकाला और उन्हें गम्भीर हालत में महराजगंज

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।

डॉक्टरों ने लक्ष्मी और रीता को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।