राजधानी दिल्ली में धार्मिक स्थलों के आसपास मीट और मदिरा की दुकानों पर रोक की उठी मांग

नई दिल्ली, भगवान महावीर देशना फाउंडेशन के डायरेक्टर मनोज कुमार जैन ने दिल्ली के माननीय उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, महापौर राजा इक़बाल सिंह, प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा तथा एमसीडी आयुक्त संजीव खिरवार से धार्मिक स्थलों के आसपास मांस और मदिरा की दुकानों के संचालन पर रोक लगाने की मांग की है।

दिल्ली में विभिन्न धर्मों का संगम

मनोज कुमार जैन ने कहा कि दिल्ली देश की राजधानी होने के साथ-साथ विभिन्न धर्मों और संस्कृतियों का संगम है। यहाँ मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा और चर्च जैसे उपासना स्थलों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना और प्रार्थना के लिए आते हैं। ऐसे पवित्र स्थलों के आसपास का वातावरण शांत, स्वच्छ और श्रद्धापूर्ण बनाए रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

धार्मिक भावनाएँ आहत होने की बात

उन्होंने कहा कि राजधानी के कई क्षेत्रों में धार्मिक स्थलों के आसपास मांस (नॉन-वेज) और मदिरा की दुकानें संचालित हो रही हैं, जिससे श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएँ आहत होती हैं और इन पवित्र स्थलों की गरिमा भी प्रभावित होती है। साथ ही इन दुकानों से निकलने वाली गंदगी और दुर्गंध आसपास के वातावरण को भी प्रभावित करती है।

500 मीटर के दायरे में प्रतिबंध लगाने की मांग

मनोज कुमार जैन ने संबंधित अधिकारियों से आग्रह किया कि दिल्ली में मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा, चर्च और अन्य उपासना स्थलों के 500 मीटर के दायरे में मांस और मदिरा की दुकानों के संचालन पर प्रतिबंध लगाया जाए तथा जहां ऐसी दुकानें संचालित हो रही हैं, उन्हें बंद कराने के लिए आवश्यक आदेश जारी किए जाएँ।

सभी धर्मों के सम्मान की भावना मजबूत होगी

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस विषय पर सकारात्मक निर्णय लिए जाने से राजधानी में सभी धर्मों के प्रति सम्मान की भावना और अधिक मजबूत होगी तथा धार्मिक स्थलों की पवित्रता और गरिमा बनी रहेगी।

 

 

Related Articles

Back to top button