Breaking News

नेपाल द्वारा कोरोना संक्रमित का शव भारतीय क्षेत्र में दफनाने पर डीएम ने की कड़ी आपत्ति

लखीमपुर खीरी , उत्तर प्रदेश में लखीमपुर जिला प्रशासन ने पड़ोसी देश नेपाल से कोरोना संक्रमित का शव भारतीय क्षेत्र में दफनाये जाने पर कड़ी आपत्ति दर्ज की है।

गौरीफण्टा बार्डर पर आयोजित बैठक मे लखीमपुर खीरी के जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह ने नेपाल के कैलाली जिले के मुख्य जिलाधिकारी से नेपाली कोरोना संक्रमित नागरिक का शव भारत सीमा क्षेत्र की भूमि में दफनायें जाने पर कडी आपत्ति जताई। पुलिस अधीक्षक खीरी पूनम ने भी आपत्ति जताते हुये इसे नियम विरुद्ध कहा।

कैलाली के मुख्य जिलाधिकारी यज्ञ राज बोहरा ने बैठक मे आश्वास्त किया कि भविष्य मे ऐसा नहीं होगा। दुधवा नेशनल पार्क के उप निदेशक मनोज सोनकर ने बैठक मे नेपाल के इस कृत्य पर कहा कि संक्रमित शव दफनाने से वन्य जीवो मे भी संक्रमण फैलने की आशंका हो गई है।

जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह ने बैठक के बाद बताया कि नेपाल के अधिकारियों से नो मेंस लैंड को शीघ्र खाली किये जाने पर भी चर्चा हुई। बैठक मे भारत की ओर से 39 बटालियन एसएसबी कमोंडेंट मुन्ना सिंह भी मौजूद रहे। नेपाल की ओर से कैलाली और कंचनपुर के अधिकारियों ने भाग लिया।