Breaking News

बिहार चुनाव के लिए भाजपा ने जारी की स्टार प्रचारकों की सूची, पढ़ें पूरी लिस्ट

पटना, बिहार विधानसभा चुनाव में पार्टी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन(राजग) के घटक दलों के उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष मनोज तिवारी समेत 30 नेताओं को स्टार प्रचारक बनाया है लेकिन इसमें तेजतर्रार नेताओं में शुमार रहे सांसद राजीव प्रताप रूडी और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन को जगह नहीं मिली है ।

भाजपा ने पार्टी के 30 स्टार प्रचारकों की सूची चुनाव आयोग को सौंपी है। इसमें प्रधानमंत्री और उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री के अलावा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल, बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, पार्टी के बिहार के प्रभारी भूपेंद्र यादव, चुनाव प्रभारी देवेंद्र फड़नवीस, पूर्व केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह, केंद्रीय संचार मंत्री रविशंकर प्रसाद, पशुपालन मंत्री गिरिराज सिंह, महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी, स्वास्थ्य राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे, गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, ऊर्जा मंत्री आर. के. सिंह, इस्पात एवं पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का नाम शामिल है।

स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल अन्य प्रमुख लोगों में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, फिल्म अभिनेता और दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष मनोज तिवारी, बिहार के पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, सांसद रामकृपाल यादव, सुशील सिंह, छेदी पासवान, पूर्व केंद्रीय मंत्री संजय पासवान, पूर्व सांसद जनक चमार, पूर्व मंत्री सम्राट चौधरी, राज्यसभा सदस्य विवेक ठाकुर और बिहार की पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष निवेदिता सिंह का नाम भी शामिल है।