Breaking News

योगी सरकार की नीतियों के विरोध में समाजवादी पार्टी का जबर्दस्त प्रदेशव्यापी प्रदर्शन

लखनऊ, समाजवादी पार्टी ने आज पूरे यूपी में प्रदेशव्यापी प्रदर्शन शुरू हो गया है। तहसील स्तर से लेकर जिला मुख्यालय तक समाजवादी कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और कई जगह समाजवादी कार्यकर्ताओं की पुलिस से जोरदार झड़प हुई।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर बेरोजगारी, महंगाई, कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार, कोरोना व किसानों से जुड़े मुद्दे को लेकर आज समाजवादी पार्टी ने प्रदेशव्यापी प्रदर्शन शुरू किया । जिसमें समाजवादी पार्टी के सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, जिलाध्यक्ष समेत तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे।

पूरे प्रदेश में सपा कार्यकर्ता आज सुबह 11 बजे से तहसील स्तर पर ज्ञापन सौंपने और धरना-प्रदर्शन करने पहुंचे। लखनऊ में काफी संख्या मे समाजवादी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया, जबकि बड़ी संख्या में नेताओं को नजरबन्द कर दिया गया। कानपुर में सैकड़ों की संख्या में सपा कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट की ओर बढ़े। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प हुई। 

रायबरेली में किसान अध्यादेश के विरोध में सपाई कलेक्ट्रेट पहुंचे और सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। सीतापुर में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस बीच कार्यकर्ताओ की पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियो के साथ धक्का-मुक्की भी हुई।

गोंडा में सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार की नीतियों के विरोध में ताली और थाली बजाकर प्रदर्शन किया। कौशांबी जिले में समाजवादी युवजन सभा के जिला अध्यक्ष समेत 20 कार्यकर्ताओं को पुलिस ने धारा 144 के उल्लंघन के आरोप में गिरफ्तार कर लिया हालांकि सभी को जमानत रिहा कर दिया गया।