Breaking News

कोरोना वायरस को लेकर सोनिया गांधी ने मुख्यमंत्रियों को लिखा पत्र….

नयी दिल्ली, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को पत्र लिखकर कोरोना वायरस फैलने से रोकने वाले साधनों की पर्याप्त आपूर्ति करने तथा रोकथाम के लिए जागरूकता पैदा करने के जैसे कदम उठाने की सलाह दी है।

श्रीमती गांधी ने गुरुवार को पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तथा पुद्दुचेरी के मुख्यमंत्री वी नारायणसामी को लिखे पत्र में कहा कि इस रोग को फैलने से रोकने के लिए जरूरी उपाय प्राथमिकता के आधार पर किए जाएं और रोकथाम से जुडे मास्क आदि साधनों का उत्पादन 40 फीसदी तक बढाया जाए ताकि लोगों में आवश्यक वस्तुओं की कमी नहीं हो। उन्होंने कहा कि इन साधनों की काला बाजारी नहीं हो इसको लेकर सख्ती आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि इस वायरस से निपटने के लिए राज्य सरकार को हर समय तैयार रहने की जरूरत है इसलिए सरकार समय पर आवश्यक उपाय संबंधी कदम उठाए। इसके लिए अलग से चिकित्सा केंद्र बनाने तथा रोग परीक्षण सुविधा करने की दिशा में कदम उठाए जाने चाहिए।

कांगेस अध्यक्ष ने कहा कि देश में कोविड-19 के मामलों की संख्या निरंतर बढ रही है। इससे बचाव के लिए उपाय किए जाने के साथ ही लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता है। इसके लिए स्थानीय भाषा में हेल्पलाइन शुरू की जानी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि सामूहिक कदम से देश में इस रोगाणु के फैलने पर अंकुश लगाया जा सकेगा।