Breaking News

मुलायम सिंह के निधन पर यूपी में राजकीय शोक, कैबिनेट के सभी प्रस्ताव स्थगित

समाजवादी वादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव का सोमवार सुबह निधन हो गया। उनके निधन पर देश के सभी बड़े नेताओं ने दुख व्यक्त किया है। यूपी में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है।

सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने  जताया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुलायम सिंह के पुत्र पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से फोन पर बात की और संवेदनाएं व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव का निधन अत्यंत दुखदाई है। उनके निधन से समाजवाद के प्रमुख स्तंभ एवं संघर्षशील युग का अंत हुआ है। ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की कामना एवं शोकाकुल परिजनों एवं समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने कहा कि मुलायम सिंह यादव के निधन पर उत्तर प्रदेश सरकार तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा करती है और उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ होगा।

प्रदेश सरकार की कैबिनेट बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कैबिनेट मंत्रियों ने  दिवंगत मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित कर शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। सरकार ने कैबिनेट के सभी प्रस्ताव स्थगित किए गए हैं।

बसपा अध्यक्ष मायावती ने ट्वीट कर श्रद्धांजलि  दी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के वयोवृद्ध नेता व यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री श्री मुलायम सिंह यादव जी के आज निधन हो जाने की ख़बर अति-दुःखद है। उनके परिवार व सभी शुभचिन्तकों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। कुदरत उन सबको इस दुःख को सहन करने की शक्ति दे।