Breaking News

ब्रिटिश सरकार ने माना इस भारतीय सांसद का अनुरोध, किया ये महान कार्य

नई दिल्ली, ब्रिटिश सरकार ने एक भारतीय सांसद के अनुरोध को स्वीकार कर एक महान कार्य कर डाला है।

राज्यसभा सांसद और हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा है कि उनके अनुरोध पर ब्रिटिश सरकार ने डॉ. भीमराव अंबेडकर हाउस को संग्रहालय के रूप में मान्यता देने की योजना को अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है।
सुश्री सैलजा ने आज  जारी एक बयान में कहा कि स्वयं ब्रिटेन के कम्युनिटी सेक्रेटरी रॉबर्ट जेनरिक ने ट्वीट कर यह जानकारी दी है।

उन्होंने ब्रिटिश सरकार से दिसम्बर माह में अनुरोध किया था कि वह लंदन में 10 किंग हेनरी रोड डॉ. भीमराव अंबेडकर हाउस को अम्बेडकर संग्रहालय के रूप में मान्यता प्रदान करें जहां वह 1921 से 1922 तक रहे थे।

कैमडेन काउंसिल, लंदन को भेजे गए एक लिखित संचार में सुश्री सैलजा ने कहा था कि डॉ अम्बेडकर एक लोकप्रिय भारतीय न्यायविद्, अर्थशास्त्री, राजनीतिज्ञ और समाज सुधारक थे जिनके जीवन ने हम सभी को अत्याचार के खिलाफ और सामाजिक न्याय के लिए लड़ने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि डॉ अम्बेडकर स्वतंत्र भारत के पहले कानून और न्याय मंत्री और भारत के संविधान तथा भारत गणराज्य के निर्माता थे।

डॉ अंबेडकर समाज की समानता के लिए हमेशा खड़े रहते थे और उनके विचार, कार्य और व्यापक लेखन आज भी विश्व के लाखों लोगों के लिए मार्ग प्रशस्त कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि किंग हेनरी रोड – डॉ. भीमराव अम्बेडकर हाउस एक महान ऐतिहासिक इमारत है जो आने वाली पीढ़ियों को असमानता का सामना करने की प्रेरणा देती रहेगी।

डॉ अम्बेडकर हाउस को संग्रहालय के रूप में संरक्षित करने से कैमडेन की अंतरराष्ट्रीय पर्यटन क्षमता में वृद्धि होगी। यह भारत-ब्रिटेन सांस्कृतिक सम्बंधों को और मजबूत करेगा।