Breaking News

राजनैतिक पार्टियों की संख्या में हुई भारी वृद्धि, चुनाव आयोग ने पेश किये ये आंकड़े

नयी दिल्ली ,  चुनाव आयोग के पास पंजीकृत पार्टियों की संख्या में लगभग 600 की वृद्धि हुई है जिससे भारत और अधिक लोकतांत्रिक प्रतीत होता दिखाई दे रहा है।

आधिकारिक डाटा के अनुसार लाेकसभा चुनाव 2019 से पहले करीब 2294 दलों ने चुनाव आयोग में अपना पंजीकरण कराया है।

वर्ष 2014 में हुए आम चुनावों में पंजीकृत राजनीतिक दलों की कुल संख्या 1687 थी।

कुल पंजीकृत दलों में गैर-मान्यता प्राप्त दलों की संख्या 2235 है। राज्य दलों की संख्या 52 और राष्ट्रीय दलों की संख्या सात है।वर्ष 2014 के लोकसभा चुनावों में 464 दलों ने चुनाव में भाग लिया था।

पिछले आम चुनावों में सभी छह राष्ट्रीय दलों और पंजीकृत 47 राज्य स्तरीय दलों में से 39 दलों की भागीदारी की थी।

आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2004 में पंजीकृत दलों की संख्या 764 थी जो वर्ष 2014 तक बढ़कर 1687 हो गयी। पार्टियों की संख्या के तेजी से बढ़ने के कारण काफी हद तक गैर-मान्यता प्राप्त दलों की संख्या में वृद्धि है जिनकी संख्या वर्ष 2004 में 702 थी और वर्ष 2014 में बढ़कर 1,634 हो गई थी।