Breaking News

हम 2028 ओलम्पिक में टॉप-10 में आने के लिए प्रतिबद्ध: किरेन रिजिजू

नयी दिल्ली, केंद्रीय खेल मंत्री किरेन रिजिजू ने रविवार को कहा कि हम 2028 के ओलम्पिक में टॉप 10 रैंकिंग में आने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

रिजिजू ने ट्वीट कर कहा, “हम भारत को 2028 ओलम्पिक में टॉप-10 रैंकिंग में लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मैं राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद का धन्यवाद करना चाहता हूं जिन्होंने हमें प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी के विजन को हासिल करने के लिए प्रेरित किया है।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में मंत्रालय खेल और रोमांच के क्षेत्र में कई योजनाएं चला रहा है। खेलो इंडिया और फिट इंडिया इसका उत्कृष्ट उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि हमने एक दीर्घकालिक योजना तैयार की है और हमारा उद्देश्य भारत को 2028 के ओलम्पिक में शीर्ष 10 पदक विजेता देशों की सूची में जगह दिलाना है।

राष्ट्रपति ने शनिवार को खेल दिवस के दिन खेल पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित करते हुए कहा था कि हमारा उद्देश्य 2028 ओलंपिक में शीर्ष दस देशों में जगह बनाना होना चाहिए। उन्होंने कहा था कि भारत खेलों में एक महान शक्ति के रूप में उभरेगा और इसका उद्देश्य 2028 के ओलंपिक में पदक जीतने के मामले में शीर्ष दस देशों में जगह बनाना है।

उल्लेखनीय है कि भारत ने 2016 के पिछले रियो ओलम्पिक में अपने इतिहास का सबसे बड़ा दल उतारने के बावजूद मात्र दो पदक जीते थे और पदक तालिका में संयुक्त 67वें स्थान पर रहा था।