Breaking News

कारगिल शहीद की प्रतिमा अनावरण कर मुलायम सिंह ने किया भाजपा पर बड़ा हमला

 फिरोजाबाद, पूर्व रक्षामंत्री मुलायम सिंह यादव ने कारगिल शहीद बृजलाल की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए भाजपा पर बड़ा हमला किया।

फिरोजाबाद के नगला छवैया के करघा गांव में कारगिल शहीद बृजलाल की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए पूर्व रक्षामंत्री मुलायम सिंह यादव एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की गलत नीतियों के चलते नौजवान, किसान, गरीब सभी परेशान हैं। वीर सैनिकों को भी पर्याप्त सम्मान नहीं मिला।

उन्होने कहा कि  भाजपा के लोग अब हिन्दू-मुस्लिम, मंदिर-मस्जिद के मुद्दे उछालकर अपनी नाकामियों से ध्यान हटा रहे हैं। आने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा की विघटनकारी राजनीति को करारी शिकस्त देकर ही समाज को बंटने और सौहार्द सद्भाव को बचाने का काम हो सकता है।

जनसभा में पूर्व रक्षामंत्री मुलायम सिंह यादव ने कहा कि भाजपा की सरकार सिर्फ अपनी पार्टी के नेताओं के लिए काम कर रही हैं। सभी वर्गों के लिए कोई काम नहीं कर रही है। श्री यादव ने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराना बहुत जरूरी है। भाजपा को समाजवादी पार्टी ही हरा सकती है। हमें एकजुट होकर हर हालत में इसे हटाना होगा।

मुलायम सिंह यादव ने कहा कि जनता जानती है कि जब भी समाजवादी पार्टी की सरकार आती है तो वह किसानों, गरीबों, नौजवानों और महिलाओं के लिए काम करती है। उन्होने कहा कि आने वाला लोकसभा चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है। किसानों, बेरोजगारों, महिलाओं और नौजवानों को समाजवादी पार्टी से बहुत उम्मीदें हैं। समाजवादी पार्टी ने हमेशा इन वर्गों की मदद की और उनकी समस्याओं को हल किया है।