Breaking News

देशभर में कोरोना वायरस के चार सौ से अधिक मामले दर्ज

नई दिल्ली,  देशभर में कोरोना वायरस के चार सौ से अधिक मामले दर्ज होने के साथ ही केरल के एक पादरी को समूह में एकत्रित न होने के सरकारी आदेश का उल्लंघन करने के लिए सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पादरी ने आदेश का उल्लंघन करते हुए चर्च में सामूहिक प्रार्थना का आयोजन किया था।

तमिलनाडु में अधिकारियों ने घर में पृथक किए गए लोगों के मकान के बाहर ‘यहां न पधारें’ का स्टिकर चिपकाया। घर पर पृथक रहने का आदेश मिलने के बावजूद बाहर घूमने वालों के खिलाफ पुलिस ने आपराधिक मामला दर्ज किया और चेतावनी दी कि घर में पृथक रहने के आदेश का पालन न करने वालों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में कोविड-19 के मामले बढ़कर 468 हो गए हैं।

पुलिस ने बताया कि केरल में पादरी पॉली पडयात्ति ने सोमवार की सुबह सामूहिक प्रार्थना सभा आयोजित की थी जिसमें कम से कम सौ लोगों ने भाग लिया था। पादरी को गिरफ्तार कर लिया गया और बाद में जमानत पर छोड़ दिया गया। तमिलनाडु में ग्रेटर चेन्नई कार्पोरेशन ने बताया कि तीन हजार घरों को पृथक करने के लिए उन पर निगरानी की जा रही है और उनपर स्टिकर लगाकर सामाजिक दूरी सुनिश्चित की जाएगी।
हरे और लाल रंग के स्टिकर पर ‘कोविड-19- यहां प्रवेश न करें- घर पृथक रखा गया है’ लिखा होगा। स्टिकर पर व्यक्तियों का नाम, पृथक रखे गए लोगों की संख्या और घर का पता लिखा होगा। उस पर पृथक रखे जाने की तारीख और समयसीमा भी लिखी होगी।

दिल्ली से आई खबरों में कहा गया कि अधिकारियों ने ऐसे घरों पर स्टिकर लगाना शुरू कर दिया है जहां एक या उससे अधिक लोगों को घर में पृथक रहने का आदेश मिला है। ऐसे लोगों ने या तो विदेश यात्रा की थी या उन पर कोविड-19 के मरीजों के संपर्क में आने का संदेह है।
बेंगलुरु के पुलिस आयुक्त भास्कर राव ने बताया कि जिन पर घर में पृथक रहने की मुहर लगी है यदि वे सार्वजनिक स्थल पर घूमते दिखाई दिए तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने ट्वीट किया, “जनता के हित को देखते हुए पांच हजार लोगों पर घर में पृथक रहने की मुहर लगाई गई है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वह घर में रहें।”

अधिकारियों के अनुसार मुहर लगे व्यक्तियों को 14 दिन तक घर पर रहना चाहिए। ओडिशा में पुलिस ने बताया कि पृथक रहने के नियम तोड़ने पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया जिनमें भुवनेश्वर के एक दंपति भी शामिल हैं। पुलिस उपायुक्त अनूप साहू ने कहा कि विदेश से आने के बाद पृथक रहने के नियम का पालन न करने के लिए दंपति के खिलाफ रविवार को मामला दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि दंपति को पृथक केंद्र भेज दिया गया और उनकी निगरानी की जा रही है। दूसरी घटना में उज्बेकिस्तान से लौट कर पृथक रहने का नियम तोड़ने वाले तीस वर्षीय एक व्यक्ति के खिलाफ संबलपुर में दनुपली पुलिस ने रविवार को मामला दर्ज किया।

संबलपुर के सब डिविजनल पुलिस अधिकारी तपन मोहंती ने यह जानकारी दी। एक अन्य मामले में कटक के पुरी घाट इलाके का एक निवासी हाल ही में विदेश से लौट कर आया था और उसे घर पर पृथक रहने का आदेश दिया गया था लेकिन उसने आदेश का उल्लंघन किया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि उक्त व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। कोविड-19 पर राज्य सरकार के मुख्य प्रवक्ता सुब्रोतो बागची ने बताया कि विदेश से ओडिशा लौटने वाले 3,474 लोगों ने सरकार के कोविड-19 पोर्टल पर पंजीकरण करवाया है। जम्मू कश्मीर में पुलिस ने विदेश यात्रा का ब्यौरा अधिकारियों से छिपाने के लिए अवंतीपोरा के रहने वाले दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। उक्त व्यक्तियों ने पृथक रहने के नियम का भी उल्लंघन किया था।