Breaking News

दिल्ली में बिल्डिंग गिरने से छह की मौत, मुख्यमंत्री ने दिए जांच के आदेश

नयी दिल्ली, एक चार मंजिला इमारत गिरने से छह लोगों  की मौत हो गई है।दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने   इमारत गिरने की घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेेश दिए हैं।

दिल्ली नगर निगम के मुताबिक, भारत नगर के सावन पार्क में  इमारत गिरने के मामले में लगभग सुबह 0905 बजे नियंत्रण कक्ष में एक फोन आया था । बचाव दल एवं मशीनें घटनास्थल पर बचाव अभियान के लिए पहुंची और मलबे से घायलों और शवों को निकाला। केशवपुरम जोन के उपायुक्त भी घटनास्थल पर पहुंचे।

इस घटना के बाद अस्पताल में 12 लोगों को ले जाया गया है जिनमें से पांच को डॉक्टर ने तुरंत मृत घोषित किया, जबकि 24 वर्षीय एक महिला की आज शाम को मौत हो गई और एक की हालत गंभीर बनी हुई है।पुलिस के मुताबिक इमारत में कुल 23 लोग रह रहे थे, घटना के समय 12 लोग इमारत में मौजूद थे और 11 बाहर थे।मृतकों की पहचान अशि (3), शौर्य (2), रजनेश (4) समुनेश(12) और मुन्नी देवी (35-40) के रूप में हुई। वहीं गंभीर रूप से घायल महिला जिसकी शाम को मौत हुई उसकी पहचान सीमा (24) के रूप में हुई।

मुख्यमंत्री अशोक विहार के दीपचंद बंधु अस्पताल में इमारत गिरने से पीड़ित लोगों से मिले और उचित उपचार का आश्वासन दिया। उन्होंने घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को पांच लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा भी की।दिल्ली पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की 304/34 धारा के तहत इमारत के मालिक धर्मेंद्र सहित तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। ऐसा कहा जा रहा है कि धर्मेंद्र ने इमारत किराए पर दी थी।

दिल्ली नगर निगम के अनुसार, इमारत को उत्तरी दिल्ली नगर निगम द्वारा खतरनाक घोषित नहीं किया गया था और न ही उन्हें 1 सितंबर 2017 से इमारत विभाग – II / केपीजेड में इस उद्देश्य के लिए कोई आवेदन प्राप्त हुआ। निगम ने यह भी बताया कि यह एक अनाधिकृत नियमित कॉलोनी है।