Breaking News

इस तरह आपकी रसोई बन जाएगी फाइव स्टार रसोई

किसी मास्टरशेफ के लिए उसका किचन कितना खास होता है न! आप भी तो मास्टरशेफ हैं। अपनी फैमिली की मास्टरशेफ, जो पूरे परिवार के स्वाद का खास ख्याल रखती है। अगर ऐसा है तो आपका किचन भी तो किसी रेस्टोरेंट के मास्टरशेफ किचन जैसा होना चाहिए। वहीं किचन, जिसमें शानदार डिशेज कुछ मिनटों में तैयार होती हैं और उनके स्वाद की वाहवाही होती है, वो अलग।

तब बनेगा किचन रेस्टोरेंट स्टाइल: रेस्टोरेंट स्टाइल किचन के लिए जरूरी होगा कि आप उसमें थोड़ी प्लानिंग का तड़का लगाएं। मसलन उपलब्ध जगह का हर संभव उपयोग करें। मॉड्यूलर स्टोरेज का इस्तेमाल करें, जिसमें खूब सारी रैक्स हों। इसके साथ सारे अप्लाइंसेज इस तरह सेट करें कि उनको इस्तेमाल करना आसान हो और उनके इस्तेमाल में समय भी कम बर्बाद हो।

माइक्रोवेव चुनें सही: बाजार में कई तरह के माइक्रोवेव मौजूद हैं। पर उनमें से सबसे सही को चुनना खास बात है। ढेर सारे माइक्रोवेव में ढेर सारी टेक्नीक भी होती हैं। आपको देखना यह है कि आपके लिए किसका चुनाव ठीक होगा। आपको माइक्रोवेव में ज्यादातर क्या बनाना है। साइज पर भी ध्यान दीजिए। हो सकता है आपको सिर्फ खाना गर्म करने के लिए ही माइक्रोवेव चाहिए हो।

इंडक्शन कुकटॉप है सही निर्णय: इंडक्शन कुकटॉप एक ऐसा उपकरण है, जिसकी मदद से गैस बचाई जा सकती है। पर हां, यह एक बड़ा निवेश हो जाता है, क्योंकि कुकटॉप के साथ बरतन भी खरीदने पड़ते हैं। लेकिन आपको याद रखना होगा कि यह निवेश हमेशा के लिए होता है।

इस्तेमाल हो, तो ही रखें: जिन चीजों का इस्तेमाल नहीं हो रहा है, उन्हें स्टोर रूम में डाल दें और जो चीजें टूटी हैं, आगे इस्तेमाल नहीं हो सकती हैं, उन्हें फेंक दें। कुल मिलाकर आपको अपनी रसोई से बेकार के सामानों को बाहर का रास्ता दिखाना है। आपकी रसोई ऐसी हो, जहां बस इस्तेमाल होने वाली साफ-सुथरी चीजें ही रखी हों।

खाना बनाना हो आसान: पहले की कुकिंग और अब की कुकिंग में अंतर आया है। मसलन अब किचन में सिर्फ भारतीय पकवान नहीं बनते, बल्कि अब तो इटैलियन, मैक्सिकन, चाइनीज और न जाने कौन-कौन सी डिश बनती हैं। और इन्हीं स्वादों के लिए तरह-तरह के घरेलू उपकरण भी बाजार में मौजूद हैं, जो आपका काम आसान करते हैं और समय भी बचाते हैं। इन उपकरणों का उपयोग आप भी कीजिए।

ख्याल रखिए इनका: किचन में आपके काम को आसान बनाते हैं विभिन्न उपकरण। वो आपका ख्याल रखते हैं, समय बचाते हैं तो आपको भी उनका ख्याल रखना होगा। मसलन माइक्रोवेव, फूड प्रोसेसर, चिमनी, डिशवॉशर आदि की समय-समय पर मेंटनेंस करानी होगी। जब तक आप इनका ख्याल रखेंगी, तब तक यह आपका भी ख्याल रखेंगे। इनमें छोटी-छोटी चीजों को भी ध्यान रखिए, जैसे चाकू की धार समय-समय पर तेज कराते रहना जरूरी होगा। प्रेशर कुकर दिक्कत दे रहा है तो उसकी जांच करवानी होगी। तभी तो बनेगा आपका परफेक्ट किचन।

हर चीज का हो सेक्शन: कई सब्जियां ऐसी होती हैं, जो फ्रिज में नहीं रखी जाती हैं। कुछ फल भी ऐसे होते हैं। इसके अलावा अचार और चटनियां भी कुछ ऐसी होती हैं जो बाहर ही रखी जाती हैं। इन्हें जहां भी रखें, सबका एक अलग सेक्शन बना लें। आप एक-सी क्रेट ले सकती हैं या आप एक से बॉक्स में इन्हें सजा सकती हैं। किचन दिखने में भी अच्छा लगेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *