Breaking News

‘काम बोलता है’ समाजवादियों का नारा है- मुख्यमंत्री अखिलेश यादव

akhilesh-y-amar-ujalaलखनऊ, मुख्यमंत्री  अखिलेश यादव ने कहा है कि आज की राजनीति जन आकांक्षाओं से जुड़ी हुई है। जनता तरक्की और खुशहाली चाहती है। जन आकांक्षाओं के मद्देनजर समाजवादी सरकार ने अपने कार्यकाल में लगातार काम किया है। प्रदेश का कोई जनपद ऐसा नहीं है, जहां समाजवादी सरकार ने कोई बड़ी परियोजना को साकार न किया हो। बलिया, गाजीपुर, मऊ, आजमगढ़ जैसे पिछड़े जनपदों में भी विकास की बयार पहुंची है। इसीलिए ‘काम बोलता है’ समाजवादियों का नारा  है।

मुख्यमंत्री आज होटल ताज विवान्ता में आयोजित ‘अमर उजाला संवाद’ में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होने कहा कि विरोधी दलों के जनप्रतिनिधि भी स्वीकार करते हैं कि वर्तमान राज्य सरकार द्वारा बड़े पैमाने पर विकास कार्य कराए गए हैं। आगामी विधान सभा चुनाव में समाजवादी अपनी उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच में जाएंगे।

अखिलेश यादव ने कहा कि पिछले साढ़े चार साल में प्रदेश में विकास गतिविधियां तेजी से बढ़ी हैं, जिससे काफी बदलाव आया है। 18 लाख छात्र-छात्राओं को लैपटाॅप वितरित करने से आधुनिक तकनीक के प्रति खासतौर पर गरीब और किसान परिवारों के बच्चों की झिझक दूर हुई है। जैसे अभी समाजवादी सरकार ने छात्र-छात्राओं को लैपटाॅप दिए, वैसे ही आगे लोगों को स्मार्टफोन भी उपलब्ध कराए जाने की योजना लागू की गई है, इसके तहत 01 करोड़ से अधिक लोगों ने रजिस्ट्रेशन करा लिया है। यह योजना सरकार व जनता के बीच दूरी कम करने के लिए शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ऐसा पहला राज्य है, जो स्मार्टफोन की आधुनिक तकनीक की सहायता से सरकार और जनता के बीच सीधे संवाद की तैयारी कर रहा है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री को प्रदेश के कुछ अप्रवासी भारतीयों के संदेश भी सुनाए गए। अपने संदेशों में अप्रवासी भारतीयों ने प्रदेश में हो रहे सकारात्मक बदलावों की तारीफ करने के साथ ही कुछ समस्याओं के बारे में बताया और उनके समाधान भी सुझाए। इन संदेशों पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि संतोष की बात है कि समाजवादी सरकार द्वारा किए गए कामों की तारीफ अप्रवासी भारतीयों द्वारा भी की जा रही है। प्रदेश के वे लोग, जो देश से बाहर हैं, वे भी महसूस कर रहे हैं कि उत्तर प्रदेश तरक्की और खुशहाली के रास्ते पर जा रहा है।कार्यक्रम में अमर उजाला के सम्पादक डाॅ0 इन्दुशेखर पंचोली ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह प्रदान किया।इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के अधिकारियों सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *