Breaking News

अखिलेश यादव पर उतरा अमर सिंह का गुस्सा, चापलूसों से घिरे होने का लगाया आरोप

 

amar-singh1लखनऊ,  समाजवादी पार्टी  से निष्कासित राज्यसभा सांसद अमर सिंह ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने का दावा किया है। इसके साथ ही उन्होंने सपा से गठबन्धन करने पर कांग्रेस को भी आड़े हाथों लिया है, वहीं उन्होंने सपा अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर चापलूसों से घिरे होने का आरोप लगाया है और कहा कि वह चुनावों में जिस भाषा का प्रयोग कर रहे हैं, उन्हें जनता चुनाव में जरूर सबक सिखाएगी।

सपा में अखिलेश युग की शुरुआत के साथ ही अमर कथा का अन्त हो चुका है। अखिलेश की अध्यक्ष पद पर ताजपोशी और अमर का निष्कासन एक ही मंच पर होने के बाद अमर सिंह लगातार पार्टी पर हमलावर हैं। वह पार्टी में हुए विवाद को पूर्वरचित ड्रामा भी करार कर चुके हैं और अब मुलायम सिंह यादव पर भी हमला बोल रहे हैं। इस बीच भाजपा से उनकी नजदीकियां भी चर्चा का विषय बन रही हैं। अमर सिंह खुद दूसरे दल में जाने के लिए सही अवसर की तलाश की बात कर रहे हैं। वहीं अपने ताजा बयान में उन्होंने प्रदेश में भाजपा की पूर्ण बहुमत सरकार बनने का दावा किया है। इसके साथ ही अखिलेश यादव को अपना बेटा और भतीजा बताने वाले अमर ने उन पर चापलूसी के आदी होने का आरोप लगाया है। अमर सिंह के मुताबिक अरुण वर्मा और गायत्री प्रजापति जैसे लोगों को मुख्यमंत्री ने चुनाव अभियान में लगा रखा है, जबकि उन पर बलात्कार के आरोप हैं। वहीं उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा है कि बदायूं रेप काण्ड के राहुल गांधी तुरंत पहुंच गए थे पर सुल्तानपुर की घटना में वह नदारद दिखे। सपा से निष्कासित राज्यसभा सांसद अमर सिंह कांग्रेस पर कश्मीर में शहीद हुए फौजियों का अपमान करने वाले दल सपा से गठबन्धन को लेकर भी हमला बोल रहे हैं। उनका कहना है कि आजम खां के दाहिने हाथ मुन्नवर सलीम का करीबी देशद्रोह के आरोप में जेल में बंद है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा बम विस्फोट में पकड़े गए आतंकियों ने सपा नेता अबू आजमी के घर पर शरण ली थी। मुम्बई के भिंडी बाजार में अबू आजमी की बेनामी सम्पत्ति है। उन्होंने इस पूरे मामले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेन्सी से कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *