Breaking News

आस्था पर प्रहार करते थे विपक्ष के लोग: मुख्यमंत्री योगी

गोंडा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी ने किसी खास विपक्षी दल का नाम लिये बगैर कहा कि भोलीभाली जनता से वोट लेने वाले कुछ लोग चुनाव जीतने के बाद न सिर्फ आस्था पर प्रहार करते थे बल्कि अराजक तत्वों को प्रोत्साहित भी करते थे।

शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह थॉमसन इंटर कॉलेज ग्राउंड में गुरुवार को 1689.46 करोड़ की 422 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास करने के बाद श्री योगी ने कहा “ आपके एक वोट ने देश की तकदीर को बदल दिया। पहले आप जिन लोगों को वोट देते थे, उन्हें राम के नाम से भय होता था। राम का नाम लेने में संकोच होता था। आपका पर्व-त्योहार आता था तो वे कर्फ्यू लगा देते थे। अराजकता फैलाते थे, आस्था पर प्रहार करते थे। आपके वोट को आपके खिलाफ प्रयोग करते थे। सुरक्षा व नौजवानों के रोजगार में सेंध लगाते थे।

किसानों की खुशहाली को रौंदते थे और व्यापारियों के यहां डकैती डलवाते थे पर आज बेटी और व्यापारी सुरक्षित है। डबल इंजन की सरकार है तो आस्था का सम्मान है। ”

उन्होने कहा कि अयोध्या में रामलला के विराजमान होने का सर्वाधिक लाभ गोंडा को मिल रहा है, सारा विकास इधर आ रहा है। अच्छी सरकारें आती हैं तो गरीबों का कल्याण होता है। विकास और आस्था को ऐसे ही सम्मान होता है। राम मंदिर लोगों के लिए सपना था। कभी राम के नाम पर डंडे बरसते थे और गोलियां चलती थीं पर आज सबके मुंह से जयश्रीराम की बोली निकलती है। आज रामभक्तों पर गोली नहीं, पुष्पवर्षा हो रही है। 22 जनवरी को श्रीरामलला विराजमान कार्यक्रम को पीएम बढ़ाकर पांच सदी का इंतजार समाप्त कर रहे थे तब हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा हो रही थी।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा “ हमारा देश बदल चुका है। हम नए भारत में रह रहे हैं, जिसने दुनिया में 140 करोड़ भारतवासियों का गौरव बढ़ाया है। आतंकवाद, नक्सलवाद समाप्त हो गया। देश सुरक्षा व समृद्धि के नित नए प्रतिमान को गढ़ता हुआ आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को तीसरा कार्यकाल दीजिए, भारत उनके नेतृत्व में तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। प्रधानमंत्री भी कहते हैं कि हमारा संकल्प विकसित भारत होना चाहिए। विकसित भारत के लिए विकसित उप्र और विकसित उप्र के लिए विकसित गोंडा भी आवश्यक है।”

उन्होने कहा कि विकसित गोंडा के लिए यहां की सड़कों को फोरलेन से जोड़ा जा रहा है। विकसित भारत के लिए गोंडा में मेडिकल कॉलेज दिया गया है। विकसित भारत के लिए आजादी के बाद डबल इंजन सरकार ने वनटांगिया समुदाय को पहली बार न्याय दिया। विकसित भारत के लिए बाढ़ की परियोजनाओं को पूरा करने आए हैं। चार दशक से लंबित सरयू नगर राष्ट्रीय परियोजना को पूरा करने का काम हुआ है। कोई सोचता था कि श्रावस्ती वायुसेवा से जुड़ेगा। अयोध्या में इंटरनेशनल एयरपोर्ट बन चुका है। अयोध्या से गोंडा को फोरलेन की कनेक्टिविटी से जोड़ने की कार्रवाई हो रही है। 84 कोसी परिक्रमा मार्ग पर 8000 करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 1857 के जिस योद्धा व स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ने गोंडा में मोर्चा संभाला था, उन देवी बख्श सिंह के नाम पर गोंडा मेडिकल कॉलेज का नाम होगा। कॉलेज में उनकी प्रतिमा लगेगी। 1857 का उनका इतिहास लिखा जाएगा। आजादी के नायकों व भारत मां की सेवा करने वालों को भारत सम्मान देगा। इनके नाम पर मेडिकल कॉलेज, पॉलीटेक्निक, कॉलेज, हाइवे व एक्सप्रेसवे आदि होंगे। उन्हें सम्मानित कर भावी पीढ़ी प्रेरणा प्राप्त करती रहेगी।

उन्होने कहा कि 2017 के पहले गोंडा की स्थिति क्या थी। 2015-16 का सर्वे आया था तो गोंडा सबसे गंदा शहर था, तब मैंने प्रतीक भूषण से कहा था कि जनता ने आशीर्वाद दिया है, विधायक बने हैं तो गोंडा को स्वच्छ शहर के रूप में स्थापित करो। उन्होंने प्रयास किया, आज गोंडा स्वच्छ हो गया। यहां के जनप्रतिनिधि विकास के लिए बात करने आते हैं। यह लोग मुझे घर का व्यक्ति मानते हैं और गोंडा के विकास के लिए झगड़ा करते हैं। गोंडा और देवीपाटन कमिश्नरी में विकास कार्यों में पैसे की कमी नहीं होने दी जाएगी।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार नहीं होती तो क्या रामलला के भव्य मंदिर का निर्माण हो पाता। आपकी आस्था को डबल इंजन की भाजपा सरकार सम्मान दे रही है। पूरे देश में एक ही आवाज है, फिर एक बार-मोदी सरकार। सीएम ने विश्वास जताया कि देश की आवाज के साथ गोंडा की आवाज भी मोदी सरकार के संकल्प के साथ बढ़ेगी।

इस अवसर पर गोंडा के सांसद कीर्तिवर्धन सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र, विधायक रमापति शास्त्री, विनय कुमार द्विवेदी, बावन सिंह, प्रेम नारायण पांडेय, प्रभात कुमार वर्मा, प्रतीक भूषण सिंह, अजय सिंह, विधान परिषद सदस्य अवधेश कुमार सिंह ‘मंजू’, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्र, जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप आदि मौजूद रहे।