Breaking News

उत्तर प्रदेश में 12787 कोरोना संक्रमित

लखनऊ, उत्तर प्रदेश में हर रोज कोरोना संक्रमित मिलने का रिकॉर्ड टूट रहा है और इसी क्रम में शनिवार को प्रदेश में 12,787 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं जबकि बीते 24 घंटे में 48 लोगों की मौत हुई है।

इसके पहले शुक्रवार को 9695, आठ अप्रैल को 8490 और 11 सितंबर को 7103 मरीज पाए गए थे। इसके साथ ही प्रदेश में अब तक कुल संक्रमितों की संख्या 6,76,739 हो चुकी है। इसके साथ ही अलग-अलग शहरों के अस्पतालों में लोगों को बेड न मिलने की भी शिकायतें आ रही हैं।

उत्तर प्रदेश में 05 अप्रैल को प्रदेश में 3999 मरीज थे। प्रदेश में मात्र पांच दिन में मरीजों की संख्या लगभग ढाई गुना हो गई है। इसी के साथ एक्टिव मरीजों की संख्या भी बढ़कर 48306 हो गई है। पांच दिन पहले प्रदेश में एक्टिव मरीज 22820 थे। अब तक कुल 9037 मरीजों की मौत हो चुकी है।

अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में 6लाख 63हजार 991 लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 6 लाख 06हजार 646 मरीज अब तक संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। वर्तमान में 48306 एक्टिव मरीजों में से 22914 होम आइसोलेशन में हैं। 835 मरीज निजी अस्पतालों में भर्ती हैं। अन्य बचे हुए मरीज सरकारी अस्पतालों में अपना इलाज करा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को 1 लाख 97हजार 479 नमूनों की जांच की गई है। इनमें से 86 हजार नमूनों की जांच आरटीपीसीआर से की गई है।