Breaking News

एयर मार्शल संजीव कपूर ने वायु सेना अकादमी के कमांडेंट का पदभार संभाला

हैदराबाद, एयर मार्शल संजीव कपूर ने रविवार को यहां वायु सेना अकादमी (एएफए), भारतीय वायु सेना के कमांडेंट के रूप में पदभार ग्रहण किया। एयर मार्शल कपूर ने सेवानिवृत हुए एयर मार्शल आई. पी. विपिन का स्थान लिया है।

राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) खडकवासला, डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज वेलिंगटन, फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर स्कूल, कॉलेज ऑफ डिफेंस मैनेजमेंट और नेशनल डिफेंस कॉलेज नयी दिल्ली के छात्र रहे एयर मार्शल संजीव कपूर छह दिसंबर 1985 को भारतीय वायुसेना में शामिल हुए थे। उन्हें विभिन्न विमानों पर 7,700 घंटे से अधिक की दुर्घटना मुक्त उड़ान का अनुभव है। उन्होंने भारतीय वायु सेना के एकमात्र एयर-टू-एयर ईंधन भरने वाले स्क्वाड्रन के साथ-साथ भारतीय वायु सेना के एक प्रमुख उड़ान बेस की कमान संभाली थी।

एयर मार्शल संजीव कपूर ने तीन दशकों से अधिक के अपने शानदार करियर में वायुसेना मुख्यालय में निदेशक और प्रधान निदेशक (संचालन) जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया है। वह दो बार अति विशिष्ट सेवा पदक राष्ट्रपति पुरस्कार और वायु सेना पदक से सम्मानित किये गये हैं।