Breaking News

एशिया के सुपर अचीवर लिस्ट में दीपा और साक्षी

न्यूयार्क,  ओलंपियन जिमनास्ट दीपा करमाकर और महिला पहलवान साक्षी मलिक को प्रतिष्ठित फोब्र्स मैगजीन ने एशिया में 30 वर्ष से कम उम्र के सुपर अचीवर्स की लिस्ट में शामिल किया है। इस सूची में 50 से अधिक भारतीय शामिल हैं। फोब्र्स की 30 अंडर 30 एशिया लिस्ट 2017 में 300 युवा कारोबारियों को 10 विभिन्न वर्गों में जगह दी गयी है जिसमें मनोरंजन, वित्त, वेंचर कैपिटल, रिटेल, सामाजिक कारोबार और तकनीक शामिल हैं।

वे युवा जो 30 वर्ष से कम आयु के हैं और लगातार नयी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। इस सूची में भारत की 53 शख्सियतों को शामिल किया गया है और वह चीन के 76 लोगों के बाद दूसरे स्थान पर है। दिलचस्प है कि फोब्र्स की इस सूची में 23 वर्षीय दीपा सबसे आगे हैं जो ओलंपिक के फाइनल में क्वालीफाई करने वाली भारत की पहली महिला जिमनास्ट बनीं। वह चौथे स्थान पर रहकर पदक से चूकी गयी थीं।

रियो ओलंपिक में 58 किग्रा वर्ग में कांस्य जीतने वाल 24 वर्षीय साक्षी को भी इस सूची में जगह मिली है। सुपर अचीवर्स में भारत के पहले पैरालंपिक तैराक 25 वर्षीय शरत गायकवाड़ भी शामिल हैं। अर्जुन अवार्ड विजेता शरत के पास 96 पदक हैं। फोब्र्स ने शरत की प्रशंसा करते हुये कहा शरत को लगा कि केवल तैराकी ही काफी नहीं है बल्कि देश में तैराकी के लिये सही कपड़े ढूंढना अभी भी कठिन है तो उन्होंने अंतरराष्ट्रीय और घरेलू विक्रेताओं के बीच एक मध्यस्थ गमाटिक्स की स्थापना कर दी।