मुख्यमंत्री योगी ने टाटा मोटर्स लखनऊ संयंत्र से बनी 10 लाखवीं गाड़ी को हरी झंडी दिखायी

लखनऊ, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को टाटा मोटर्स के लखनऊ संयंत्र में बनी 10 लाखवीं गाड़ी को हरी झंडी दिखायी और इसे प्रदेश की औद्योगिक प्रगति का ऐतिहासिक क्षण बताया।

उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि राज्य को ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने की दिशा में एक निर्णायक कदम है। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि किसी भी संस्था या समूह की मजबूती के लिए बाहरी तत्वों के हस्तक्षेप से बचना बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा, ”बिगाड़ने वाले बहुत मिलते हैं, लेकिन बनाने वाले बहुत कम होते हैं,” इसलिए हर कार्मिक का दायित्व है कि वह संगठन को परिवार की तरह समझे और उसकी एकता व विश्वास को बनाए रखे।

मुख्यमंत्री ने कार्यसंस्कृति पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी संस्थान की सफलता टीमवर्क, ईमानदारी और कृतज्ञता पर आधारित होती है। हर कर्मचारी को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी प्रतिबद्धता के साथ करना चाहिए, क्योंकि यही भाव दीर्घकालिक प्रगति सुनिश्चित करता है।

उन्होंने टाटा समूह की कार्यसंस्कृति का उल्लेख करते हुए कहा कि यह समूह अपने कर्मचारियों के साथ पारिवारिक संबंध स्थापित करता है, जो उसकी सफलता का प्रमुख आधार है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 34 वर्षों की यात्रा के बाद 10 लाखवीं बस का निर्माण केवल औद्योगिक उपलब्धि नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की ”ऐतिहासिक उड़ान” का लॉन्च पैड है। यह नया भारत और नया उत्तर प्रदेश निरंतर विकास, विश्वास और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य की 25 करोड़ आबादी और 56 प्रतिशत युवा वर्कफोर्स को कौशल , नवाचार और टेक्नोलॉजी से जोड़कर मार्केट-रेडी और इंडस्ट्री-रेडी बनाया जा रहा है।

उन्होंने ‘मोमेंटम’ को ‘मास’ और ‘वेलोसिटी’ का संयोजन बताते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार के कारण विकास की रफ्तार दोगुनी हुई है।

उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में बेहतर कानून-व्यवस्था, एक्सप्रेसवे नेटवर्क और एयर कनेक्टिविटी के विस्तार से उत्तर प्रदेश निवेश के लिए आकर्षक केंद्र बना है। राज्य में तेजी से विकसित हो रहा इंफ्रास्ट्रक्चर मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को नई मजबूती दे रहा है।

Related Articles

Back to top button