कांग्रेस ने भाजपा पर लगायर महिलाओं को ‘धोखा’ देने का आरोप

लखनऊ, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय नेहरू भवन में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस नेताओं ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए 2023 में पारित विधेयक को तत्काल लागू करने की मांग की।

कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य एवं सांसद प्रणीति शिंदे ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक संसद से पारित हो चुका है, लेकिन नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार इसे लागू करने में देरी कर रही है। उन्होंने मांग की कि मौजूदा 543 लोकसभा सीटों पर ही तत्काल आरक्षण लागू किया जाए, जिसमें कांग्रेस पूरा समर्थन देगी। प्रणीति शिंदे ने आरोप लगाया कि भाजपा सत्ता के लिए महिलाओं का इस्तेमाल करती है और बाद में उन्हें नजरअंदाज कर देती है।

उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण को डिलिमिटेशन से जोड़कर सरकार इसे टालने का प्रयास कर रही है। “जब 2023 में विधेयक पारित हो गया, तो अब तक लागू क्यों नहीं किया गया,” उन्होंने सवाल उठाया। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस महिला आरक्षण के पक्ष में शुरू से रही है और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी संसद में इसका समर्थन स्पष्ट किया है। साथ ही उन्होंने कहा कि बिना नई जनगणना के सीटों का पुनर्निर्धारण (डिलिमिटेशन) करना उचित नहीं होगा।

प्रेसवार्ता में मौजूद उत्तर प्रदेश कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना ने भाजपा पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि क्या भाजपा किसी महिला को अपना राष्ट्रीय अध्यक्ष बना सकती है। उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं को वास्तविक अधिकार देने के बजाय केवल चुनावी लाभ के लिए मुद्दों का उपयोग करती है।

आराधना मिश्रा मोना ने प्रदेश सरकार से मांग की कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजा जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस प्रस्ताव का पूरा समर्थन करेगी।
कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि महिला सशक्तिकरण के लिए ऐतिहासिक कदम कांग्रेस सरकारों ने उठाए हैं, जिनमें पंचायती राज व्यवस्था में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देना शामिल है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले भी महिला आरक्षण के पक्ष में थी, आज भी है और आगे भी रहेगी।

प्रेसवार्ता में मीडिया वाइस चेयरमैन मनीष हिंदवी, वरिष्ठ प्रवक्ता अंशू अवस्थी, प्रवक्ता सचिन रावत और अलीमुल्लाह खान सहित अन्य नेता मौजूद रहे। इस दौरान नेताओं ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह मुन्ना के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि भी अर्पित की।

Related Articles

Back to top button