नेताओं की पहली पसंद समाजवादी पार्टी, ये दिग्गज हुये शामिल?

उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी, सभी दलों के नेताओं के लिये पहली पसंद बनी हुई है। इसीलिये विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं और आम लोगों का सपा में शामिल होने का क्रम जारी है. इसी क्रम में आज, समाजवादी पार्टी की नीतियों और राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व के प्रति आस्था जताते हुए विभिन्न राजनैतिक दलों के कई प्रमुख नेता एवं बसपा- भाजपा के पूर्व पदाधिकारी अपने तमाम साथियों के साथ समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए।
पूर्व भाजपा नेता और ब्राह्मण चेहरे के रूप में पहचान रखने वाले अखिलेश पाठक ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी प्रदेश कार्यालय में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें पार्टी की सदस्यता ग्रहण करवाई। इस दौरान अखिलेश पाठक ने अखिलेश यादव को चांदी का मुकुट पहनाकर स्वागत भी किया। अखिलेश पाठक 2012 में भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं।
अपनी धारदार बयानबाजी और टीवी बहसों के लिए पहचाने जाने वाले बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ एमएच खान ने आज आधिकारिक रूप से सपा की सदस्यता ग्रहण की। अखिलेश यादव ने डॉ एमएच खान का गर्मजोशी से स्वागत करते हुये प्रेस वार्ता में ही उन्हे राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी और कहा कि अब आप टीवी पर हमारा पक्ष रखेंगे।
डॉ. एमएच खान का सपा में जाना बसपा के लिए एक बड़ा नुकसान माना जा रहा है। डॉ. एमएच खान लंबे समय से बहुजन समाज पार्टी के साथ जुड़े हुए थे। और मायावती के भरोरोमंद सिपहसालारों में गिने जाते थे।
समाजवादी पार्टी के लिए आज का दिन बहुत खास रहा। आज नामी पर्वतारोही सागर कसाना ने भी समाजवादी पार्टी की सदस्यता ली। सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी के साथ आए माउंट एवरेस्ट सहित कई दुर्गम पर्वत मालाओं पर चढ़ाई कर विजय पाने वाले नौजवान सागर कसाना ने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व मे आस्था जताते हुये कहा कि युवाओं और खिलाड़ियों का ख्याल रखने वाले नेता अखिलेश जी के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों का भविष्य सुरक्षित है ।
इसके अलावा समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वालों में सर्वश्री श्याम लाल निषाद सुल्तानपुर मोस्ट कल्याण संस्थान, विजय कुमार लाल, विजय श्रीवास्तव राष्ट्रीय सचिव लोक दल, नीलू सत्यार्थी पूर्व प्रत्याशी लोकसभा मिश्रिख, पुष्पसेन सत्यार्थी पूर्व एडिशनल कमिश्नर परिवहन विभाग, जैनेन्द्र प्रताप सिंह राठौर प्रदेश प्रवक्ता सुभासपा, डॉ. आशुतोष विश्वकर्मा, इशरत अली खां जिलाध्यक्ष यूथ बिग्रेड एआईएमआईएम, औवैसी सपा में शामिल हुये। बड़ी संख्या में इन नेताओं के साथियों ने भी समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। वहीं, अन्तर्राष्ट्रीय तैराकी खिलाड़ी उमेश प्रसाद, बालीवाल खिलाड़ी ओम प्रकाश पाण्डेय एवं रजिवान आलम भवानीपुर, ताइक्वांडो खिलाड़ी सैफुर रहीम सिद्दीकी गोंडा सदर के साथ सर्वश्री रवि वर्मा, मोहम्मद अकरम उन्नाव प्रियंका सिंह, सतीष यादव, उपेन्द्र पाण्डेय, रवि वैसला बागपत, धर्मेन्द्र कुमार, नवीन भाटी, धर्मवीर खराणा, इंतेख्वाब अहमद, मो. अजीम खान, सतीश नारायण सिंह, हसीन, अजय सागर आदि ने भी समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की और अखिलेश यादव से भेंटकर उनका आशीर्वाद लिया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई दी।
अखिलेश यादव ने सभी नए साथियों का स्वागत करते हुए कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक दिन इसलिए भी है कि बड़ी संख्या में लोग समाजवादी पार्टी में शामिल हो रहे है। जो पीडीए का संघर्ष है उसमें अब लोग शामिल होकर हमें और मजबूत बनाने का काम कर रहे है। अखिलेश यादव ने कहा कि इतिहास में पहली बार ऐसा होने जा रहा है जब एक समुदाय-पीडीए-एक दल को हराएगा और सरकार को सत्ता से बाहर करेगा.
अगले वर्ष 2027 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं और आम लोगों के लिये समाजवादी पार्टी में शामिल होने का क्रम जारी है. जिसमें बीजेपी, बहुजन समाज पार्टी, राष्ट्रीय लोकदल, सुभासपा, एआईएमआईएम आदि सभी प्रमुख दलों के नेतागण शामिल हैं। जिस तरह से सभी प्रमुख दलों से नेता सपा में शामिल हो रहें हैं, वह यूपी में सपा के बढ़ते ग्राफ और अखिलेश यादव के प्रति लोगों के बढ़ते विश्वास का संकेत है। अगर ये क्रम इसी तरह जारी रहा तो 2027 में, सत्ता दल बीजेपी के लिये एक अलार्मिंग सिचुएशन हो सकती है।





