ग्राम स्वराज से ही मजबूत होगा लोकतंत्रः मल्लिकार्जुन खरगे

नयी दिल्ली,  कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पंचायतों को लोकतंत्र की मजबूत नींव बताया और कहा है कि ग्राम स्वराज से ही लोकतंत्र मजबूत होगा।

मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएँ दीं और महात्मा गांधी के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि पंचायती राज सच्चे लोकतंत्र का प्रतिनिधित्व करता है और भारत की असली ताकत गाँवों में बसती है।

उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि “ग्राम स्वराज” की अवधारणा, जिसे महात्मा गांधी और विनोबा भावे ने आगे बढ़ाया, आज भी देश के विकास की दिशा तय करती है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस सरकार के दौरान तत्कालीन प्रधानमंत्री राजिव गांधी के प्रयासों से 73वाँ संविधान संशोधन लागू हुआ, जिससे पंचायती राज संस्थाओं को संस्थागत मजबूती मिली और लोकतंत्र जमीनी स्तर तक पहुँचा।

कांग्रेस अध्यक्ष ने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि पंचायतों में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण कांग्रेस की देन है, जो कई राज्यों में बढ़कर 50 प्रतिशत तक हो चुका है। इसके परिणामस्वरूप करीब 15 लाख महिलाएँ स्थानीय शासन में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं, जो वैश्विक स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2010 में तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने 24 अप्रैल को ‘राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस’ के रूप में घोषित किया था। मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ग्राम स्वराज की भावना को मजबूत करने के लिए पूरी तरह समर्पित है।

Related Articles

Back to top button