घरेलू क्लेश में नशेड़ी ने पत्नी की नाक काटी

पीलीभीत, उत्तर प्रदेश में पीलीभीत जिले के दियोरिया कोतवाली क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की नाक दांतों से काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। महिला को उपचार के लिए लखनऊ रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि ग्राम महेशापुर में बुधवार देर रात पूजा देवी (30) का अपने पति अमन कुमार से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। उस समय आरोपी नशे में था। विवाद बढ़ने पर उसने पत्नी के चेहरे पर हमला करते हुए दांतों से उसकी नाक का हिस्सा काट लिया। घटना के बाद घायल महिला चीखती हुई जमीन पर गिर पड़ी। शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल जिला अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे प्लास्टिक सर्जरी के लिए लखनऊ के हायर सेंटर रेफर कर दिया।

वारदात के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। दियोरिया थाना प्रभारी गौतम सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि पीड़िता की तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button