Breaking News

जनता दल (एस) का सपा में विलय, भाजपा और बसपा के कई बड़े नेता सपा में शामिल

लखनऊ,  जनता दल (एस) का बुधवार को राष्ट्रीय स्तर पर समाजवादी पार्टी (सपा) में विलय हो गया वहीं भारतीय समाज दल तथा शोषित समाज अधिकार पार्टी ने बिना शर्त समाजवादी पार्टी को समर्थन देना तय किया है।

पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में भाजपा और बसपा के भी कई नेता आज समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं। इनके साथ बड़ी संख्या में इनके समर्थकों ने भी समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है।

पार्टी सूत्रों ने बताया कि जनता दल (सेक्यूलर) के अध्यक्ष भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवगौड़ा के कर्नाटक विधानसभा चुनाव में हार के बाद भाजपा से हाथ मिलाने के फैसले से असंतुष्ट जनता दल (एस) के राजस्थान, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, केरल, के प्रतिनिधियों ने सपा में विलय का निर्णय लिया। सपा केरल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ साजी पोथेन थॉमस के प्रयासों से आज जनता दल (एस) के राष्ट्रीय महासचिव आर.एस. प्रभास, मध्य प्रदेश के अध्यक्ष शिव सिंह, केरल के प्रदेश अध्यक्ष पंतलाम मोहन दास, उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष बैकुण्ठ नाथ सहित हरियाणा और पंजाब इकाई के पदाधिकारी भी समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए।

भारतीय समाज दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नारायण राजभर, तथा शोषित समाज अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार गौतम ने अपने तमाम पदाधिकारियों के साथ लोकसभा चुनाव 2024 में समाजवादी पार्टी को बिना शर्त समर्थन देने तथा समाजवादी पार्टी पीडीए, इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों को भारी मतों से जिताने का भरोसा दिलाया।

आज सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के समक्ष विनोद शुक्ला पूर्व प्रत्याशी कटरा बाजार विधान सभा जनपद गोण्डा ने भाजपा छोड़कर अपने सैकड़ों साथियों के साथ सपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। उनके साथ बड़ी संख्या में ब्राह्मण एवं कई बसपा नेता भी समाजवादी पार्टी के सदस्य बने हैं। कन्नौज के दीपू चौहान के साथ भी आज बड़ी संख्या में भाजपा और बसपा के कई जमीनी कार्यकर्ता समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए।

अखिलेश यादव ने उम्मीद जताई है कि आज बड़ी संख्या में विभिन्न दलों के जो नेता एवं कार्यकर्ता समाजवादी पार्टी में शामिल हुए हैं वे सब भाजपा के खिलाफ एकजुट होकर पीडीए को मजबूती देंगे और समाजवादी पार्टी पीडीए, इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाएंगे।