जम्मू-कश्मीर के 10 जिलों के लिए हिमस्खलन की चेतावनी

श्रीनगर,  जम्मू-कश्मीर आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (जेकेडीएमए) ने जम्मू-कश्मीर के 10 जिलों के पर्वतीय इलाकों में अगले 24 घंटों के दौरान बारिश और हिमपात के साथ हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है।

जेकेडीएमए ने कहा कि अगले 24 घंटों के दौरान अनंतनाग और कुलगाम जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में समुद्र तल से 2500 मीटर ऊपर ‘कम खतरनाक’ स्तर का हिमस्खलन होने का अनुमान है। अगले 24 घंटों में जम्मू संभाग के डोडा, किश्तवाड़, पुंछ और रामबन जिलों और कश्मीर घाटी के बांदीपोरा, बारामूला, कुपवाड़ा और गांदरबल जिलों में समुद्र तल से ऊपर 2200 मीटर से ऊपर ‘मध्यम खतरनाक’ स्तर का हिमस्खलन होने के आसार हैं।

इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने और अगले आदेश तक हिमस्खलन संभावित क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी गयी है।
जम्मू-कश्मीर के ऊपरी इलाकों में रात से ताजा हिमपात हो रहा है, जिसके कारण अधिकारियों ने रविवार को एहतियात के तौर पर हिमस्खलन की चेतावनी जारी की।

अधिकारियों ने इन जिलों में रहने वाले लोगों से आपात स्थिति में मदद के लिए 112 नंबर डायल करने को कहा है।