Breaking News

जम्मू-कश्मीर में हिमपात के बाद गुलमर्ग में मौसम की सबसे ठंडी रात

श्रीनगर,  कश्मीर घाटी के ऊंचे इलाकों में ताजा हिमपात और मैदानी इलाकों में हल्की बारिश के बाद गुलमर्ग में -6.0 डिग्री सेल्सियस के साथ शनिवार की रात मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई।

मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर ने कहा कि गुलमर्ग में पिछले 24 घंटों के दौरान रविवार सुबह 08:30 बजे तक लगभग सात इंच हिमपात और 132 मिमी बारिश हुयी।

हिमपात के बाद गुलमर्ग में मौसम की सबसे ठंडी रात -6.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई, जबकि पिछली रात -2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई थी। उत्तरी कश्मीर के प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट में तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस कम था।

कश्मीर घाटी में हिमपात के बाद अधिकांश स्टेशनों पर रात के तापमान में सुधार हुआ, जबकि कश्मीर घाटी के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी हुई।

श्रीनगर में आज न्यूनतम तापमान -0.5 डिग्री सेल्सियस था, जबकि पिछली रात -1.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम की इस अवधि के दौरान जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी के लिए तापमान सामान्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस अधिक था। श्रीनगर में भी पिछले 24 घंटों के दौरान 0.2 मिमी बारिश हुई।

दक्षिण कश्मीर में श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर काजीगुंड में न्यूनतम तापमान 0.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि एक दिन पहले तापमान -3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। पिछले 24 घंटों के दौरान आज सुबह 0830 बजे तक 0.2 मिमी बारिश भी हुई।
पहलगाम में पारा पिछली रात के -5.1 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले -1.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया और यह दक्षिण कश्मीर के पर्यटक स्थल के लिए सामान्य से 2.9 डिग्री सेल्सियस अधिक था।

कोकेरनाग में न्यूनतम तापमान -0.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और रविवार को यह सामान्य -1.7 डिग्री सेल्सियस से 0.9 डिग्री सेल्सियस अधिक था।

कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान -1.0 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और यह सीमांत उत्तरी कश्मीर जिले के लिए सामान्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस अधिक था। मौसम कार्यालय ने कहा कि पिछले 24 घंटों के दौरान 3.6 मिमी बारिश भी हुई।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार 23 दिसंबर तक मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा और 24-26 दिसंबर तक आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और अलग-अलग ऊंचाई वाले इलाकों में हल्के हिमपात के आसार हैं।

मौसम कार्यालय ने कहा, “कुल मिलाकर 26 दिसंबर तक कोई महत्वपूर्ण मौसम गतिविधि नहीं है, इसके बाद तापमान में 1-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने के आसार हैं।”