Breaking News

जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव के नामांकन से पहले रालोद को लगा करारा झटका

बागपत ,उत्तर प्रदेश के बागपत में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव के नामांकन से पहले राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) को करारा झटका लगा जब उसके जिला पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया।

भाजपा प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि रालोद के जिला पंचायत अध्यक्ष पद की प्रत्याशी ममता किशोर व उसके पति जय किशोर ने आज भाजपा का दामन थाम लिया। उन्होंने बताया कि सांसद सत्यपाल सिंह के आवास पर आज जिला पंचायत सदस्य ममता किशोर व उसके बीजेपी में शामिल हो गए। दरअसल, आज रालोद की ओर से ममता किशोर का जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए नामांकन होना था। रालोद को इस पूरे राजनैतिक घटनाक्रम की भनक तक नहीं लगी।

रालोद नेता नामांकन कराने की तैयारी में जुटे थे लेकिन उनकी सभी आशाओ पर भाजपा ने पानी फेर दिया। अब रालोद के पास जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए कोई प्रत्याशी नही रहा। उधर, भाजपा की ओर से फिलहाल जिला पंचायत सदस्य बबीता ने अपना नामांकन पत्र जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कर दिया। दिलचस्प है कि बबीता भी समाजवादी पार्टी के बैनर पर जिला पंचायत सदस्य के लिए निर्वाचित घोषित हुई थी। बाद में उसने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली थी।