तीन अप्रैल से आगरा से मथुरा तक आप निकालेगी पदयात्रा: संजय सिंह

लखनऊ, आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने गुरुवार को तीन अप्रैल से शुरू होने वाली चौथे चरण की ‘रोजगार दो–सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा का ऐलान किया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर है और जब युवा रोजगार की मांग करते हैं तो उन्हें लाठियां और मुकदमे मिलते हैं।
संजय सिंह ने बताया कि लगभग 100 किलोमीटर लंबी यह पदयात्रा आगरा के शहीद स्मारक, संजय पैलेस से शुरू होकर हाथरस होते हुए 9 अप्रैल को मथुरा में समाप्त होगी। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ सभाएं और जनसभाएं आयोजित की जाएंगी। आम आदमी पार्टी इस पदयात्रा के जरिए रोजगार और सामाजिक न्याय के मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाएगी।

गैस संकट को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए संजय सिंह ने कहा कि देशभर में लोग गैस सिलेंडर के लिए लंबी लाइनों में खड़े हैं, जबकि सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि गलत नीतियों के कारण गैस और तेल की कीमतों में भारी वृद्धि हुई है, जिससे आम जनता परेशान है।

उन्होंने कहा कि प्रदर्शन करना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार से ऐसे सभी मुकदमे वापस लेने की मांग की। विदेश नीति पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि गलत फैसलों के चलते देश को महंगा तेल और गैस खरीदना पड़ रहा है, जिससे अर्थव्यवस्था पर दबाव बढ़ा है।

संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी सड़क से लेकर संसद तक जनता के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने प्रदेशवासियों से 3 से 9 अप्रैल तक चलने वाली इस पदयात्रा में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि “रोजगार दो, नहीं तो 10 हजार दो” की लड़ाई को मजबूत करना होगा।

Related Articles

Back to top button