देश के विकास का मिशन महिलाओं की भागीदारी के बिना नहीं हो सकता पूरा: PM मोदी

वाराणसी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि विकसित भारत का सबसे मजबूत स्तंभ नारी शक्ति है और देश के विकास का मिशन महिलाओं की भागीदारी के बिना पूरा नहीं हो सकता। प्रधानमंत्री ने काशी के बरेका मैदान में 6,300 करोड़ रुपये की लागत से 163 से अधिक विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में पर्यटन, स्वास्थ्य, सड़क, जलापूर्ति सहित विभिन्न क्षेत्र शामिल हैं। मुख्य रूप से गंगा पर सिग्नेचर ब्रिज तथा केंद्रीय उच्च तिब्बती संस्थान परिसर में निर्मित सोवा रिग्पा अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने दो अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। विशाल महिला महासम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि काशी माता श्रृंगार गौरी, मां गंगा और मां अन्नपूर्णा की दिव्य शक्ति की नगरी है। आज का यह अवसर नारी शक्ति के वंदन और विकास का उत्सव है।
उन्होंने कहा, “भारत को विकसित बनाने का मिशन अनवरत चल रहा है। विकसित भारत का सबसे मजबूत स्तंभ नारी शक्ति है।” प्रधानमंत्री ने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाकर ही देश आत्मनिर्भर और विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है। उन्होंने कहा कि आज देश की महिलाएं हर क्षेत्र में निर्णायक भूमिका निभा रही हैं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुंबई-पुणे सहित महाराष्ट्र के लोगों को अयोध्या और काशी पहुंचने के लिए आधुनिक रेल सुविधा भी उपलब्ध हो गई है।





