यूपी पुलिस में एक लाख भर्तियों का ऐलान, 936 युवाओं को नियुक्ति पत्र

लखनऊ, उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऐलान किया कि प्रदेश में इस वर्ष करीब एक लाख पुलिस भर्तियां की जाएंगी। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ आगे बढ़ रही है, जिससे योग्य युवाओं को अवसर मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश पुलिस दूरसंचार विभाग के 936 चयनित प्रधान परिचालकों/प्रधान परिचालक (यांत्रिक) को नियुक्ति पत्र वितरित किए। कार्यक्रम के दौरान विभाग पर आधारित एक लघु फिल्म भी दिखाई गई।
मुख्यमंत्री योगी ने नवचयनित अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को ईमानदारी से पूरा किया है, अब युवाओं का दायित्व है कि वे साफ नीयत, पारदर्शिता और समर्पण के साथ अपनी सेवा दें। उन्होंने कहा कि राष्ट्र सर्वोपरि है और हर नागरिक को अपने कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी से करना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले भर्ती प्रक्रिया में लेनदेन और भेदभाव की शिकायतें होती थीं, लेकिन अब योग्यता और आरक्षण के आधार पर निष्पक्ष चयन सुनिश्चित किया गया है। पिछले 9 वर्षों में प्रदेश पुलिस में 2.20 लाख से अधिक भर्तियां की जा चुकी हैं।
उन्होंने बताया कि हाल ही में 60 हजार आरक्षियों की दीक्षांत परेड हुई है, जो अब फील्ड में तैनात होकर सेवा देंगे। ट्रेनिंग व्यवस्था में भी बड़ा बदलाव आया है, जहां पहले सीमित संख्या में प्रशिक्षण होता था, वहीं अब एक साथ बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि मजबूत कानून-व्यवस्था के चलते प्रदेश में निवेश बढ़ा है और इससे अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है। उन्होंने युवाओं को फिट रहने का मंत्र देते हुए कहा कि शारीरिक और मानसिक रूप से सक्षम पुलिस बल ही बेहतर सेवा दे सकता है।





