Breaking News

देश सबसे महत्वपूर्ण चुनाव के कगार पर: मुख्यमंत्री स्टालिन

चेन्नई, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एवं द्रविड़ मुनेत्र कषगम् (द्रमुक) अध्यक्ष एम.के.स्टालिन ने रविवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संविधान को खत्म करने का खतरनाक इरादा रखती है, इसलिए देश के लिए यह चुनाव इतिहास का सबसे महत्वपूर्ण चुनाव बन गया है।

मुख्यमंत्री स्टालिन ने कहा कि संविधान निर्माता डॉ. बीआर अंबेडकर ने लोकतंत्र के जिस प्रकाश स्तंभ को प्रज्वलित किया था, उसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने अंबेडकर जयंती के अवसर पर एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ”भारत अपने इतिहास के सबसे अहम चुनाव की कगार पर खड़ा है। क्रांतिकारी डॉ. अंबेडकर द्वारा प्रज्वलित लोकतंत्र की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा संविधान को खत्म करने पर बुरी तरह आमादा है। प्रतिगमन की तीव्र भूख के साथ, वे देश को दो शताब्दियों पीछे धकेलने की साजिश रच रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, “हमें नए युग के बुद्ध डॉ. अंबेडकर की गहन बुद्धिमत्ता और स्थायी भावना के पीछे एकजुट होना चाहिए, जिससे वास्तव में समतावादी समाज को सुरक्षित किया जा सके।”