Breaking News

नौजवानो और किसानो को भाजपा ने दिया धोखा : अखिलेश यादव

पीलीभीत, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने और संविधान को कमजोर करने का आरोप लगाते हुये समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि सत्तारुढ़ दल ने झूठ बोल कर किसानो और नौजवान को धोखा दिया है और इसलिये उसकी 400 सीटों पर हार निश्चित है।

पीलीभीत से अपने चुनाव प्रचार अभियान का आगाज करते हुये अखिलेश यादव ने शुक्रवार को पार्टी प्रत्याशी भगवत शरण गंगवार के पक्ष में चुनावी जनसभा को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि निश्चित हार को देखते हुये यूपी से लेकर दिल्ली तक भाजपा के लोग घबराए हुए हैं। खासकर पीलीभीत का नाम सुन कर भाजपा नेताओं के चेहरे पीले पड़ जाते हैं। भाजपा ने किसानों को धोखा दिया। भाजपा तीन काले कानून लाई थी। लेकिन किसानों की ताकत से घबरा कर भाजपा ने काले कानून वापस ले लिये। पीलीभीत के लोग किसान आंदोलन में सबसे आगे रहे। जो लोग किसान आंदोलन को दबा रहे थे आज भाजपा उन्हें आगे बढ़ा रही है।

उन्होने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में महंगाई कई गुना बढ़ गयी जबकि भाजपा जनता को राहत देने के बजाय अपने लिए चंदा वसूलती रही। भाजपा ने भ्रष्टाचार बढ़ाने का काम किया। भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया। इलेक्टोरल बांड के माध्यम से वसूली की है। ऐसी वसूली दुनिया में कहीं नहीं हुई। भाजपा सरकार ने उद्योगपतियों को सीबीआई, ईडी और इनकम टैक्स से डराकर वसूली की है। भाजपा ने कहा था, नोटबंदी से भ्रष्टाचार खत्म हो जाएगा। भाजपा ने इलेक्टोरल बांड से कालेधन को सफेद किया। नोटबंदी में भाजपा ने काला धन सफेद किया और इलेक्टोरल बांड में भी कालाधन सफेद किया।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि इलेक्ट्रोरल बांड की वसूली के कारण देश में महंगाई, बढ़ी है। जिन उद्योगपतियों से भाजपा ने वसूली की है उन्होंने महंगाई बढ़ाकर जनता से वसूला है। भाजपा ने भ्रष्टाचार बढ़ाया है इसलिए महंगाई बढ़ी है। महंगाई बढ़ने के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने नौजवानों को धोखा दिया है। नौकरियां नहीं दी। पेपर लीक कराये। भाजपा की नीयत युवाओं को नौकरी देने की नहीं रही है। नौजवानों की पूरी पीढ़ी का भविष्य बर्बाद कर दिया। भाजपा की गारन्टी कोरोना काल में ताली और थाली बजवाने जैसी है। भाजपा ने किसानों की आय दोगुनी करने, युवाओं को हर साल दो करोड़ नौकरी देने की गारन्टी दी थी लेकिन पूरी नहीं हुई। भाजपा सबसे झूठी पार्टी है। भाजपा के झूठ और धोखे से छात्र, नौजवान, किसान, निराश है। 80 से 90 फीसदी पढ़ा लिखा नौजवान बेरोजगार है। जो नौकरी मिल भी रही है वह कॉन्ट्रैक्ट, ठेके और आउटसोर्स की है। इसका कोई भविष्य नहीं है।

उन्होने कहा कि समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन जीतेगा। युवाओं को पक्की नौकरी मिल मिलेगी। अग्निवीर जैसी व्यवस्था समाप्त कर दी जाएगी।

अखिलेश यादव ने कहा कि पूरे प्रदेश का किसान, छुट्टा जानवरों से परेशान है। पीलीभीत में तो जंगली जानवरों से 300 से ज्यादा किसानों की जान चली गयी। पूरे प्रदेश में किसानों की फसल बर्बाद हो रही है। भाजपा सरकार में सब पता है लेकिन उसने किसानों और उनकी फसल बचाने के लिए कुछ नहीं किया।

इंडिया गठबंधन की सरकार आने पर एमएसपी का कानूनी अधिकार दिया जाएगा। भाजपा ने उद्योगपतियों को 15 लाख करोड़ रूपये कर्ज माफ किया। भाजपा ने इलेक्ट्रोरल बांड देने वालों का कर्ज माफ किया। इंडिया गठबंधन की सरकार किसानों का कर्ज माफ करेगी।

अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से कहा कि घर-घर जाकर भाजपा के लूट और झूठ को उजागर करें। झूठ और लूट भाजपा की पहचान है। इंडिया गठबंधन भाजपा के एनडीए को हराएगा। भाजपा देश में चार सौ सीटे हारेगी।