Breaking News

न्यूजीलैंड ने अंडर-19 विश्व कप से वापस लिया नाम

वेलिंगटन, न्यूजीलैंड अगले साल वेस्ट इंडीज में होने वाले आईसीसी अंडर-19 पुरुष विश्व कप में भाग नहीं लेगा। दरअसल न्यूजीलैंड क्रिकेट ने खिलाड़ियों के लिए अनिवार्य क्वारंटीन प्रतिबंधों के कारण 16 टीमों वाले इस टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया है। न्यूजीलैंड की जगह अब ग्रुप डी में स्कॉटलैंड को रिप्लेस (प्रतिस्थापित) किया गया है, जिसमें मेजबान वेस्ट इंडीज, ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका भी शामिल हैं।

अपने 14 संस्करणों के इतिहास में पहली बार यह टूर्नामेंट कैरेबियन में खेला जाएगा, जिसकी शुरुआत 14 जनवरी को मेजबान वेस्ट इंडीज और ऑस्ट्रेलिया के बीच मैच के साथ हाेगी, जबकि फाइनल पांच फरवरी 2022 को खेला जाएगा। इसके अलावा इंग्लैंड, कनाडा और यूएई के साथ गत चैंपियन बंगलादेश ग्रुप ए में शामिल है। चार बार के चैंपियन भारत को दक्षिण अफ्रीका, आयरलैंड और युगांडा के साथ ग्रुप बी में रखा गया है, जबकि अफगानिस्तान, पाकिस्तान, पापुआ न्यू गिनी और जिम्बाब्वे ग्रुप सी में हैं।

टूर्नामेंट चार कैरेबियन देशों एंटिगा और बरबुडा, गयाना, सेंट किट्स एंड नेविस और त्रिनिदाद एंड टोबैगो में 10 स्थानों पर खेला जाएगा। त्रिनिदाद एंड टोबैगो 25 से 31 जनवरी के बीच प्लेट ग्रुप प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा, जबकि सुपर लीग 26 जनवरी से एंटिगा और बारबुडा में होगी। सेमीफाइनल दो स्थानों पर खेले जाएंगे। पहला सेमीफाइनल एक फरवरी को सर विवियन रिचर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड और दूसरा कूलिज क्रिकेट ग्राउंड पर दो फरवरी को आयोजित होगा। इसके बाद फाइनल मुकाबला भी सर विवियन रिचर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर होगा।

अंडर-19 पुरुष विश्व कप ग्रुप :

ग्रुप ए : बंगलादेश, इंग्लैंड, कनाडा, संयुक्त अरब अमीरात
ग्रुप बी : भारत, आयरलैंड, दक्षिण अफ्रीका, युगांडा
ग्रुप सी : अफगानिस्तान, पाकिस्तान, पापुआ न्यू गिनी, जिम्बाब्वे
ग्रुप डी : ऑस्ट्रेलिया, स्कॉटलैंड, श्रीलंका, वेस्ट इंडीज