पीडीए की आवाज को दबा रही है भाजपा: अखिलेश यादव

लखनऊ, समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दोहराया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सत्ता का दुरुपयोग कर गरीबों और पीडीए की आवाज को दबा रही है।

अखिलेश यादव ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि भाजपा सरकार में हर वर्ग पीड़ित और प्रताड़ित है। सरकार के आंकड़े झूठे और फर्जी है। भाजपा झूठे आंकड़ों से जनता को गुमराह करती है। सरकार हर मोर्च पर नाकाम है। दलितों, महिलाओं के साथ उत्पीड़न और अन्याय चरम पर है। इस सरकार में किसी को न्याय नहीं मिल रहा है। अपनी नाकामी छिपाने के लिए पीड़ितों पर दबाव बनाकर समझौता कराया जाता है। अपराधी तत्वों को सरकार का संरक्षण है।

उन्होने कहा कि रायबरेली के बाल्मीकि समाज के युवक की हत्या समेत प्रदेश में कई घटनाएं हुई है जहां पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला। भाजपा सरकार सामंती मानसिकता से कार्य कर रही है। संविधान और कानून नहीं मान रही है। सत्ता के संरक्षण में दबंग गरीबों की जमीनें छीन रहे हैं। तरह-तरह से परेशान कर रहे हैं। सरकारी जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं। भाजपा भूमाफियों के साथ है। भाजपाई सरकारी जमीनों पर कब्जा कर रहे है और बजट लूट रहे हैं। पूरे प्रदेश में अराजकता है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सत्ता का दुरुपयोग कर गरीबों और पीडीए की आवाज को दबा रही है। भाजपा पीडीए की एकजुटता से घबराई हुई है। पीडीए के लोगों की नौकरियां और आरक्षण छीना जा रहा है। भाजपा पीडीए को कमजोर करने का षड्यंत्र कर रही है। प्रदेश की जनता भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार, जातीय उत्पीड़न, भेदभाव, अन्याय से त्रस्त हो चुकी है।
उन्होने कहा कि जनता के बीच भाजपा के झूठे वादों की पोल खुल चुकी है। भाजपा पूरी तरह बेनकाब हो चुकी है। जनता 2027 में भाजपा को सत्ता से हटाकर अन्याय, अत्याचारी शासन का अंत कर देगी।

Related Articles

Back to top button