प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को लेकर मुख्यमंत्री योगी की अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक

वाराणसी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार शाम वाराणसी पहुंचे। उन्होंने सर्किट हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित वाराणसी दौरे को लेकर प्रशासनिक, पुलिस अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम के दौरान आयोजित होने वाले महिला सम्मेलन की सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर महिलाओं के आवागमन, वाहनों की पार्किंग, पेयजल तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने शहर की स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए कार्यक्रम स्थल सहित पूरे नगर क्षेत्र में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही आवारा कुत्तों और छुट्टा पशुओं को आश्रय स्थलों में रखने तथा स्ट्रीट वेंडरों का समुचित व्यवस्थापन सुनिश्चित करने को कहा।
सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वाराणसी दौरा 28 अप्रैल को संभावित है। मुख्यमंत्री ने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने और बेहतर रूट डायवर्जन योजना लागू करने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम के दौरान लोकार्पण और शिलान्यास के लिए प्रस्तावित परियोजनाओं की जानकारी मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से दी। मुख्यमंत्री ने रोप-वे परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्य में तेजी लाने को कहा।
गंजारी में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण कार्य की समीक्षा के दौरान उन्होंने कार्य को युद्धस्तर पर पूरा कराने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने बताया कि जुलाई के प्रथम सप्ताह तक स्टेडियम का निर्माण कार्य पूर्ण कराने का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री ने मणिकर्णिका घाट और दालमंडी सड़क चौड़ीकरण परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा कराने पर भी जोर दिया।
बैठक में श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, महापौर अशोक तिवारी, मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, एडीजी जोन पीयूष मोर्डिया, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं महिला मोर्चा की पदाधिकारी उपस्थित रहीं।





