बुजुर्ग महिला की संदिग्ध मौत, पति ने बेटे पर लगाया हत्या का आरोप

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के सतरिख थाना क्षेत्र में शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। प्रारंभ में इसे सामान्य संदिग्ध मौत माना गया, लेकिन कुछ ही देर बाद मृतका के पति ने अपने ही बेटे पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सतरिख थाना क्षेत्र के बरकटही गांव निवासी कलावती (70) लंबे समय से विभिन्न बीमारियों से जूझ रही थीं। गुरुवार रात वह अपने घर में सोई थीं, लेकिन शुक्रवार सुबह परिजनों ने उन्हें मृत अवस्था में पाया।
मृतका के पति बनवारी लाल ने अपने पुत्र दिनेश निषाद पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि 21 अप्रैल को घरेलू विवाद के दौरान दिनेश ने अपनी मां के साथ बेरहमी से मारपीट की थी, जिसके बाद उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई। तीन दिन बाद उनकी मौत हो गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी दिनेश निषाद को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में वृद्धा के शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए हैं।





