भाजपा के इशारे पर पीडीए का वोट काटने की साजिश : माता प्रसाद

गोण्डा, उत्तर प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष एवं समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता माता प्रसाद पाण्डेय ने शनिवार को आरोप लगाया कि एसआईआर के बहाने पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग का वोट काटा जा रहा है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मतदाता सूची के मामलों में मनमानी या धांधली नहीं रुकी तो सपा न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा आगामी चुनाव में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री बनने की संभावना से भयभीत है।
प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए माता प्रसाद पाण्डेय ने आरोप लगाया कि अल्पसंख्यकों, यादवों और ब्राह्मणों के फर्जी एनकाउंटर कराकर नफरत का माहौल बनाया जा रहा है। प्रयागराज मेले में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के साथ कथित अभद्र व्यवहार का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि संत समाज सरकार के रवैये से आहत है। उन्होंने कहा कि स्वामी जी ने गाय को राष्ट्र पशु घोषित करने की मांग ही की थी।
केंद्र सरकार पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि अमेरिका के साथ संभावित कृषि समझौते से किसानों को नुकसान होगा। वहीं विवादित वेब सीरीज ‘घूसखोर पंडित’ पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी कोई भी फिल्म या वेब सीरीज नहीं बननी चाहिए जिससे किसी समाज या वर्ग की भावनाएं आहत हों। उन्होंने इस पर तत्काल प्रतिबंध लगाने की मांग की। माता प्रसाद पाण्डेय गोंडा के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे थे, जहां उन्होंने पीडीए जनसंपर्क कार्यालय का उद्घाटन किया।




