भाजपा सरकार की नीतियों से रसोई गैस उपभोक्ता लंबी कतारों में खड़े होने को मजबूर : आप

फर्रुखाबाद, आम आदमी पार्टी (आप) के जिला अध्यक्ष नीरज प्रताप शाक्य ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी सरकार की गलत नीतियों के कारण आज देश के रसोई गैस उपभोक्ता लंबी कतारों में खड़े होने को मजबूर हैं।
नीरज प्रताप शाक्य शनिवार को जिले में गैस की कमी और बढ़ती महंगाई के विरोध में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ फतेहगढ़ स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा। उन्होंने आरोप लगाया कि घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में 60 रुपये और व्यावसायिक सिलेंडर में 120 रुपये की वृद्धि से आम जनता तथा छोटे व्यापारियों की कठिनाइयां बढ़ गई हैं। उन्होंने कहा कि होटल, ढाबा, भोजनालय तथा सड़क किनारे भोजन बेचने वाले लाखों छोटे कारोबारियों के सामने आज अपनी आजीविका चलाने का संकट खड़ा हो गया है।
नीरज प्रताप शाक्य ने कहा कि गैस की कमी के कारण देश के कई हिस्सों में होटल और छोटे व्यवसाय बंद होने की खबरें सामने आ रही हैं, जो सरकार की नीतियों की स्थिति को दर्शाती हैं। उन्होंने राष्ट्रपति के नाम दिए गए ज्ञापन में घरेलू गैस सिलेंडर की बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लेने की मांग की। साथ ही डीजल से चलने वाले ट्रैक्टरों से होने वाली खेतों की जुताई, खुदाई तथा अन्य कृषि कार्यों को ध्यान में रखते हुए पेट्रोल और डीजल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए पारदर्शी नीति लागू करने की मांग की।





