यूपी में पिछले एक वर्ष में लगभग 4000 मेगावाट विद्युत की अतिरिक्त बढ़ोतरी : एके शर्मा

लखनऊ, उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा कि राज्य में पिछले एक वर्ष में करीब 4000 मेगावाट अतिरिक्त क्षमता जोड़ी गई है, जबकि 5000 मेगावाट से अधिक नई क्षमता स्थापित करने की दिशा में काम चल रहा है।
केंद्रीय ऊर्जा मंत्रालय द्वारा आयोजित भारत इलेक्ट्रिसिटी समिट 2026 में एके शर्मा ने ऊर्जा क्षेत्र में उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। उन्होने कहा कि उत्तर प्रदेश ऊर्जा प्रबंधन के क्षेत्र में तेजी से अग्रणी राज्य बनता जा रहा है। राज्य सरकार उपभोक्ताओं को सस्ती, सतत और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के लिए लगातार उच्च मानकों पर कार्य कर रही है। बीते वर्ष प्रदेश ने देश की सर्वाधिक पीक डिमांड को सफलतापूर्वक पूरा किया और इस वर्ष उससे अधिक मांग को पूरा करने की तैयारी है।
सौर ऊर्जा के क्षेत्र में उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत उत्तर प्रदेश देश में प्रतिदिन सोलर इंस्टॉलेशन में पहले स्थान पर है। साथ ही यूटिलिटी स्केल सोलर पार्क, पंप्ड स्टोरेज प्रोजेक्ट (पीएसपी) और बैटरी स्टोरेज सिस्टम पर तेजी से कार्य किया जा रहा है, जिससे भविष्य की ऊर्जा जरूरतों को स्थायी रूप से पूरा किया जा सके।
ग्रीन एनर्जी पहल पर उन्होंने बताया कि ग्रीन एनर्जी कॉरिडोर-2 में उत्तर प्रदेश ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है और ग्रीन एनर्जी कॉरिडोर-3 परियोजना को जल्द स्वीकृति देने का आग्रह किया गया है।
एके शर्मा ने कहा कि प्रदेश के पावर प्लांट्स 85 फीसद के उच्चतम पीएलएफ पर संचालित हो रहे हैं और वितरण हानियों में उल्लेखनीय कमी आई है। करीब 20 फीसद उपभोक्ताओं के यहां प्री-पेड स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है और डिजिटल भुगतान को बढ़ावा मिला है।





