लखनऊ, उत्तर प्रदेश में हाल में घटित हुई तमाम अपराधिक घटनाओं और बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर सोमवार को समाजवादी पार्टी ने जोरदार प्रदर्शन कर राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपे।
डीएम को दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है। प्रदेश की कानून व्यवस्था बिगड़ चुकी है और प्रदेश में अराजकता का माहौल है। भाजपा, आरएसएस, बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद, युवा मोर्चा, हिंदू युवा वाहनी के कार्यकर्ता कानून व्यवस्था को अपने हाथ में ले रहे हैं, जिस कारण पूरे प्रदेश में दर्जनों घटनाएं हो चुकी हैं।
समाजवादी पार्टी ने यह आरोप भी लगाया गया कि दलितों और कमजोर वर्ग का उत्पीड़न किया जा रहा है। अपराधिक तत्व खुलेआम कानून को चुनौती दे रहे हैं। पूरे प्रदेश मे हर जिले मे योगी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किये। काफी दिनों बाद सपा के किसी कार्यक्रम मे जिलों मे युवा कार्यकर्ताओं ने जोश के साथ भाग लिया।