रमजान का चांद नजर आया, गुरुवार से पहला रोजा

प्रयागराज, इबादत के पाक महीने रमजान की शुरुआत हो गई है। बुधवार शाम चांद नजर आने की तस्दीक के बाद गुरुवार को पहला रोजा रखा जाएगा।

सुन्नी मरकजी रुहते हिलाल कमेटी कदीम ने चांद दिखने की पुष्टि करते हुए औपचारिक ऐलान किया। कमेटी के मुफ्ती मोहम्मद मुजाहिद हुसैन रिजवी ने कहा कि चांद नजर आ चुका है, इसलिए गुरुवार से रोजे शुरू होंगे।

चांद की तस्दीक के साथ ही बुधवार रात ईशा की नमाज के बाद शहर की मस्जिदों में तरावीह की नमाज अदा की जाएगी। चौक जामा मस्जिद, वसीउल्ला मस्जिद, हरी मस्जिद (सिविल लाइंस) सहित अन्य मस्जिदों से भी चांद दिखने की पुष्टि की गई। रमजान की शुरुआत के साथ ही मुस्लिम समुदाय ने एक माह तक चलने वाले इस पाक महीने की तैयारियां तेज कर दी हैं।

मौलानाओं के अनुसार इस बार पहला रोजा करीब 13 घंटे 34 मिनट का होगा। मौसम अपेक्षाकृत ठंडा होने से रोजा आसान माना जा रहा है। इस बार सबसे छोटा रोजा 12 घंटे 46 मिनट का रहेगा, जबकि 29वें रोजे की सहरी सुबह 5:02 बजे और इफ्तार शाम 6:31 बजे होगी। वर्ष 2016 में सबसे लंबा रोजा 15 घंटे 45 मिनट का था।

शहर के करेली, अटाला, रसूलपुर, रोशनबाग, नूरुल्ला रोड, चकिया, बहादुरगंज, दरियाबाद, शाहगंज, चौक, खुल्दाबाद, रानीमंडी, कीडगंज, मुट्ठीगंज सहित कई इलाकों की मस्जिदों और दरगाहों में तरावीह के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। इसके अलावा कई घरों और गेस्ट हाउसों में भी तरावीह अदा की जाएगी।

Related Articles

Back to top button